Jharkhand: चाकुलिया में कोकपाड़ा रेलवे स्टेशन जाने वाले चौक का नाम होगा बिरसा मुंडा चौक, बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित

चाकुलिया: झारखंड स्थापना दिवस एवं धरती आबा जननायक भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को चाकुलिया के मुटूरखाम में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से कोकपाड़ा रेलवे स्टेशन जाने वाले चौक का नामकरण वीर शहीद जननायक भगवान बिरसा मुंडा चौक करने का निर्णय लिया गया।

चौक पर स्थापित होगी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा

बैठक की अध्यक्षता विनोद बिहारी कर ने की। इस दौरान प्रस्ताव रखा गया कि कोकपाड़ा रेलवे स्टेशन जाने वाले चौक का नाम भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर रखा जाए। साथ ही भविष्य में इस चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने की बात भी कही गई।बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रस्ताव का समर्थन किया और सर्वसम्मति से इसे पारित कर दिया।

बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को सम्मान देने की पहल

बैठक में कहा गया कि भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और आदिवासी समाज के उत्थान में उनके योगदान को यादगार बनाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। चौक का नामकरण और वहां प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव उनके विचारों और आदर्शों को सम्मान देने की दिशा में एक कदम है।बैठक में गोपाल पात्र, विनोद बिहारी कर, गुरुपद महतो, मनोज कर, एस. पांडा, हरप्रसाद कर समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

Exit mobile version