Jharkhand: जमशेदपुर में दुर्गा पूजा को लेकर केंद्रीय कमेटी की बैठक, पंडालों में सीसीटीवी और अग्निशमन यंत्र पर जोर

जमशेदपुर: दुर्गा पूजा के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर केंद्रीय दुर्गा पूजा कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में टेल्को, गोविंदपुर और बिरसानगर क्षेत्र की पूजा समितियों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता भूपेंद्र सिंह ने की।

पंडालों में सीसीटीवी और अग्निशमन यंत्र लगाने पर जोर

बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। केंद्रीय दुर्गा पूजा कमेटी ने सभी पूजा समितियों से पंडालों में सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।इसके अलावा भीड़ प्रबंधन के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते बनाने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित समय के अनुसार इस्तेमाल करने पर जोर दिया गया।

थाना को सौंपनी होगी वॉलिंटियर्स की सूची

पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक पूजा समिति को अपने वॉलिंटियर्स की सूची संबंधित थाने में सौंपने का निर्देश दिया गया। इससे किसी भी आपात स्थिति में पुलिस और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा।

थाना प्रभारियों ने दिया सुरक्षा का भरोसा

बैठक में टेल्को, गोविंदपुर और बिरसानगर के थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। उन्होंने पूजा के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद रखने का भरोसा दिलाया।थाना प्रभारियों ने नशाखोरी और रैश ड्राइविंग पर विशेष निगरानी रखने की बात कही, ताकि पूजा के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

भूपेंद्र सिंह ने की बैठक की अध्यक्षता

बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय दुर्गा पूजा कमेटी के भूपेंद्र सिंह ने की। कार्यक्रम का संचालन नंदलाल सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मिथिलेश घोष ने दिया।बैठक में पूजा समितियों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय के साथ शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

Exit mobile version