Bihar: गंगा-पुनपुन का जलस्तर बढ़ने से हजारों लोग प्रभावित, राहत नहीं मिलने से आक्रोश

पटना: गंगा, पुनपुन और सोन नदियों के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से पटना में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण जहां पटना के शहरी इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है, वहीं पुनपुन नदी के उफान से फतुहा विधानसभा क्षेत्र भी बाढ़ की चपेट में आ गया है।
गौरैया स्थान के पास करीब 2000 की आबादी प्रभावित
फतुहा के गौरैया स्थान के समीप बाढ़ का पानी फैलने से करीब 2000 की आबादी प्रभावित हुई है। बाढ़ का पानी लोगों के घरों और दुकानों में घुस गया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।स्थानीय लोगों के सामने सबसे बड़ी समस्या आवागमन की है। सड़कों पर पानी भर जाने के कारण लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
घर-दुकानों में घुसा पानी, जनजीवन प्रभावित
बाढ़ के पानी ने कई घरों और दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया है। पानी भरने के कारण स्थानीय कारोबार भी प्रभावित हुआ है। वहीं, रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए बाहर निकलना भी लोगों के लिए मुश्किल हो गया है।
राहत सामग्री नहीं पहुंचने से लोगों में आक्रोश
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में राहत सामग्री नहीं पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि बाढ़ की स्थिति गंभीर होने के बावजूद अब तक पर्याप्त राहत और बचाव की व्यवस्था नहीं की गई है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित इलाकों में तत्काल राहत सामग्री, भोजन, पेयजल और आवागमन के लिए आवश्यक साधन उपलब्ध कराने की मांग की है।
गंगा और पुनपुन के बढ़ते जलस्तर ने बढ़ाई चिंता
गंगा, पुनपुन और सोन नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि से पटना के कई निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। फतुहा क्षेत्र में पुनपुन नदी के बढ़ते पानी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।बाढ़ प्रभावित लोगों को अब प्रशासन से तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज किए जाने की उम्मीद है।



