
स्पोर्ट्स डेस्क: क्रिकेट के मैदान पर भारत और जापान पहली बार अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में आमने-सामने होने जा रहे हैं। दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक T20 इंटरनेशनल मुकाबला 22 सितंबर 2026 को जापान के तोचिगी प्रीफेक्चर स्थित सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। यह मुकाबला सुजुकी कप का हिस्सा है और भारत-जापान के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के जश्न की शुरुआत से जुड़ा है।जापान क्रिकेट एसोसिएशन ने इस ऐतिहासिक मुकाबले के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। टीम की कमान केंडल कडोवाकी-फ्लेमिंग को सौंपी गई है। वह 2026 एशियन गेम्स में भी जापान की टीम का नेतृत्व करेंगे।
22 सितंबर को सानो में होगी ऐतिहासिक भिड़ंत
भारत और जापान के बीच होने वाला यह मुकाबला दोनों टीमों के बीच पहला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच होगा। मुकाबला सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा।भारत के लिए यह मैच 2026 एशियन गेम्स से पहले अहम तैयारी का हिस्सा भी होगा, जबकि जापान को दुनिया की शीर्ष क्रिकेट टीमों में शामिल भारत के खिलाफ खेलने का महत्वपूर्ण अनुभव मिलेगा।भारतीय समय के अनुसार मुकाबला सुबह 9:30 बजे शुरू होने की जानकारी सामने आई है। जापान के स्थानीय समय के अनुसार मैच दोपहर 1 बजे शुरू होगा।
जापान की 15 सदस्यीय टीम घोषित
जापान क्रिकेट एसोसिएशन ने भारत के खिलाफ इस विशेष T20 इंटरनेशनल के लिए 15 खिलाड़ियों को चुना है। टीम की अगुवाई केंडल कडोवाकी-फ्लेमिंग करेंगे।
भारत के खिलाफ जापान की टीम
केंडल कडोवाकी-फ्लेमिंग (कप्तान)
चार्ली हारा-हिन्जे
बेंजामिन गोउ-इटो डेविस
कोहेई कुबोटा
वातारू मियाउची
रियो सकुरानो-थॉमस
डेक्लान सुजुकी-मैकॉम्ब
शोमा सुगाया-स्लेटर
अलेक्जेंडर शिराई-पैटमोर
लाचलान यामामोटो-लेक
मकोतो तानियामा
इब्राहिम ताकाहाशी
त्सुयोशी तकादा
जेक कुसुडा-नायर्न
एलेस्टर कडोवाकी-फ्लेमिंग
जापान की घोषित टीम में एशियन गेम्स के लिए चुने गए खिलाड़ियों के साथ तीन खिलाड़ी ए टीम से भी शामिल किए गए हैं।
‘‘स्पोर्ट 75’ पहल का हिस्सा है मुकाबला
भारत-जापान का यह मुकाबला ‘स्पोर्ट 75’ पहल की शुरुआत का भी हिस्सा है। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच खेलों के माध्यम से मानवीय संपर्क और सहयोग को बढ़ावा देना है।बीसीसीआई और जापान क्रिकेट एसोसिएशन के अनुसार, यह पहल भारत-जापान के खेल संबंधों को मजबूत करने और जापान तथा पूर्वी एशिया में क्रिकेट को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जापान क्रिकेट के लिए बड़ा मौका
जापान क्रिकेट एसोसिएशन के सीईओ नाओकी मियाजी ने भारत जैसी मौजूदा T20 विश्व चैंपियन टीम को जापान में आमंत्रित करने को जापानी क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया है।आईसीसी के मुताबिक, यह मुकाबला जापान के लिए शीर्ष स्तर के खिलाड़ियों के खिलाफ अनुभव हासिल करने और देश में क्रिकेट को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मौका होगा।
500 की क्षमता वाला मैदान 2 हजार दर्शकों के लिए होगा तैयार
ऐतिहासिक मुकाबले को लेकर सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। जापान क्रिकेट एसोसिएशन के अनुसार, आम तौर पर करीब 500 दर्शकों की क्षमता वाले इस मैदान को मैच के दौरान लगभग 2,000 दर्शकों की मेजबानी के लिए तैयार किया जाएगा। टिकटों से जुड़ी जानकारी जेसीए अपनी वेबसाइट और सोशल मीडिया के जरिए जारी करेगी।
एशियन गेम्स से पहले दोनों टीमों के लिए अहम मुकाबला
भारत और जापान दोनों ही 2026 एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले हैं। भारत को टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल चरण से अभियान शुरू करना है, जबकि जापान ग्रुप स्टेज में खेलेगा। ऐसे में 22 सितंबर का मुकाबला दोनों टीमों के लिए एशियन गेम्स से पहले अहम तैयारी का अवसर होगा।



