Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: डोरंडा-हिनू मुख्य मार्ग की बदहाली पर भाजपा का प्रदर्शन, माला लेकर अधिकारियों को तलाशते नजर आए कार्यकर्ता

रांची। डोरंडा-हिनू मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति और पथ निर्माण विभाग की कथित लापरवाही के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) डोरंडा मंडल के कार्यकर्ताओं ने रविवार को एजी मोड़ के समीप शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए और सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर विभाग एवं संबंधित संवेदक के प्रति नाराजगी जताई।

माला लेकर अधिकारियों और संवेदक को तलाशते दिखे कार्यकर्ता

भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन का अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा। कार्यकर्ता हाथों में माला लेकर विभागीय अधिकारियों और संबंधित संवेदक को तलाशते नजर आए।कार्यकर्ताओं ने व्यंग्यात्मक अंदाज में सड़क निर्माण की स्थिति को लेकर अधिकारियों और संवेदक को ‘बधाई’ देने की बात कही। इस दौरान सड़क की खराब स्थिति को लेकर विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

महत्वपूर्ण मार्ग होने के बावजूद सड़क बदहाल

भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि डोरंडा-हिनू मुख्य मार्ग राजधानी रांची के महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब बनी हुई है।सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से होने के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि खराब सड़क के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं: कृष्णा मिश्रा

भाजपा डोरंडा मंडल अध्यक्ष कृष्णा मिश्रा ने कहा कि सड़क की मरम्मत और निर्माण को लेकर कई बार संबंधित विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया गया है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।उन्होंने कहा कि जर्जर सड़क के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। विभाग को जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द सड़क की मरम्मत करानी चाहिए।

सड़क जल्द दुरुस्त नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

कृष्णा मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द डोरंडा-हिनू मुख्य मार्ग को दुरुस्त नहीं कराया गया, तो भाजपा डोरंडा मंडल चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और तेज करेगा।उन्होंने कहा कि सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने तक पार्टी जनता की आवाज उठाती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button