Jharkhand: 29 सितंबर को होगा कोल्हान विश्वविद्यालय का 7वां दीक्षांत समारोह, 10 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन

जमशेदपुर: कोल्हान विश्वविद्यालय का 7वां वार्षिक दीक्षांत समारोह 29 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों और पीएचडी शोधार्थियों के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थियों को 10 सितंबर 2026 तक आवेदन फॉर्म विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में जमा करना होगा।समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों के टॉपर विद्यार्थियों और पीएचडी शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल होंगे।
किन सत्रों के विद्यार्थी ले सकेंगे हिस्सा?
विश्वविद्यालय की अधिसूचना के अनुसार, 7वें दीक्षांत समारोह में निम्नलिखित सत्रों के अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे।
पीजी अंतिम परीक्षा: सत्र 2023-2025
एमबीए अंतिम परीक्षा: सत्र 2022-2024
बीएड अंतिम परीक्षा: सत्र 2023-2025
पीएचडी: 31 जुलाई 2026 तक अधिसूचित सभी सफल पीएचडी अभ्यर्थी
10 सितंबर तक परीक्षा विभाग में जमा करना होगा फॉर्म
विश्वविद्यालय ने संबंधित विद्यार्थियों को दीक्षांत समारोह का रजिस्ट्रेशन फॉर्म कोल्हान विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड करने का निर्देश दिया है।विधिवत भरा हुआ फॉर्म आवश्यक स्व-अभिप्रमाणित दस्तावेजों के साथ 10 सितंबर 2026 तक विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में जमा करना अनिवार्य होगा।
रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी दस्तावेज
दीक्षांत समारोह के रजिस्ट्रेशन के दौरान विद्यार्थियों को निर्धारित दस्तावेज जमा करने होंगे। इनमें शामिल हैं एडमिट कार्ड की छायाप्रति,अंकपत्र की छायाप्रति,आधार कार्ड की छायाप्रति,मैट्रिक बोर्ड प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण के लिए,दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो और पीएचडी अभ्यर्थियों के लिए पीएचडी अधिसूचना की प्रति।
टॉपर्स और पीएचडी अभ्यर्थियों के लिए अलग शुल्क
विश्वविद्यालय ने अलग-अलग श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क निर्धारित किया है।टॉपर्स (पीजी, एमबीए और बीएड) के लिए 1,000 रुपये शुल्क निर्धारित है, जबकि पीएचडी अभ्यर्थियों को 2,000 रुपये जमा करने होंगे।वहीं, जो पीजी विद्यार्थी टॉपर नहीं हैं, लेकिन 29 सितंबर को दोपहर 2 बजे से केयू के पीजी विभाग में अपनी डिग्री प्राप्त करना चाहते हैं, उनके लिए 500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
डीडी या बैंक चालान से कर सकेंगे भुगतान
निर्धारित शुल्क का भुगतान कुलसचिव, कोल्हान विश्वविद्यालय के पक्ष में डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) अथवा परीक्षा विभाग की ओर से जारी बैंक चालान के माध्यम से किया जा सकता है।विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरने से पहले विश्वविद्यालय की अधिसूचना में दिए गए निर्देशों और दस्तावेजों की जानकारी ध्यानपूर्वक देख लें।
विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर मिलेगी पूरी जानकारी
दीक्षांत समारोह से संबंधित रजिस्ट्रेशन फॉर्म, प्रारूप और विस्तृत दिशा-निर्देश के लिए विद्यार्थी कोल्हान विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।समय सीमा को देखते हुए पात्र विद्यार्थियों को 10 सितंबर से पहले रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।



