BreakingNewsUP INFACT

Uttar Pradesh: राम मंदिर के पहले सीईओ बने रिटायर्ड एयर मार्शल जितेन्द्र मिश्र, बोले- यह ईश्वरीय आदेश, अब राम काज में जुटूंगा

अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रिटायर्ड एयर मार्शल जितेन्द्र मिश्र को राम मंदिर का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है। वायु सेना से इसी वर्ष सेवानिवृत्त हुए जितेन्द्र मिश्र धार्मिक प्रवृत्ति के साथ न्यायप्रिय व्यक्ति के रूप में जाने जाते हैं। भगवान भोलेनाथ के प्रति उनकी गहरी आस्था रही है और अब वह अयोध्या में राम मंदिर की सेवा और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं नवनियुक्त सीईओ ने अपनी नियुक्ति को ‘ईश्वरीय आदेश’ बताया है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट के पदाधिकारियों से बातचीत के बाद वह दो-तीन दिन में अयोध्या पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।

वायु सेना में सेवा के दौरान भी करते रहे पूजा-पाठ

जितेन्द्र मिश्र ने लंबे समय तक भारतीय वायु सेना में सेवा दी। सेवा के दौरान भी वह नियमित रूप से पूजा-पाठ करते रहे। उनकी धार्मिक आस्था विशेष रूप से भगवान भोलेनाथ के प्रति रही है।देशसेवा से मुक्त होने के करीब चार माह बाद वह दिल्ली के मयूर विहार स्थित आवास पर पत्नी वत्सला मिश्रा के साथ रह रहे हैं। उनके दोनों बेटे कामकाज के सिलसिले में अलग-अलग शहरों में रहते हैं।उनके पिता नथुनी मिश्र और माता सरस्वती देवी देवरिया स्थित अपने गांव के साथ-साथ दिल्ली भी आते-जाते रहते हैं। उनके एक भाई देवेंद्र मिश्र इलाहाबाद हाई कोर्ट में अधिवक्ता हैं।

‘किसी के विश्वास को ठेस न पहुंचे, यही प्रयास रहेगा’

नवनियुक्त सीईओ जितेन्द्र मिश्र ने कहा कि राम मंदिर जैसे वैश्विक महत्व वाले धार्मिक स्थल की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।उन्होंने कहा कि उनका पूरा प्रयास रहेगा कि उनके कार्यों से किसी के विश्वास को ठेस न पहुंचे। ट्रस्ट पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर वह रामभक्तों की सेवा और सुविधाओं को प्राथमिकता देंगे।

रामभक्तों की सेवा-सत्कार को बताया प्राथमिकता

जितेन्द्र मिश्र ने कहा कि ट्रस्ट के पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आपसी बातचीत और समन्वय के जरिए रामभक्तों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।उनके अनुसार, अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं और सुविधाएं सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा।

बोले- अयोध्या पहुंचने के बाद बनाएंगे आगे की योजना

जितेन्द्र मिश्र ने कहा कि फिलहाल उन्होंने भविष्य की कोई विस्तृत योजना तैयार नहीं की है। अयोध्या पहुंचकर वह जमीनी स्थिति और मौजूदा व्यवस्थाओं को समझेंगे और इसके बाद परिस्थितियों के अनुसार आगे की कार्ययोजना तैयार करेंगे।उन्होंने कहा कि कार्यभार संभालने के बाद ट्रस्ट और अपनी टीम के सहयोग से बेहतर काम करने का पूरा प्रयास रहेगा।

चयन समिति और ट्रस्ट पदाधिकारियों का जताया आभार

राम मंदिर के सीईओ पद पर चयन के लिए जितेन्द्र मिश्र ने चयन समिति के सभी सदस्यों और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया।उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है और वह पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रयास करेंगे।

चढ़ावा चोरी और एसआईटी जांच पर टिप्पणी से किया इनकार

राम मंदिर से जुड़े चढ़ावा चोरी और उसकी एसआईटी जांच के संबंध में सवाल पूछे जाने पर जितेन्द्र मिश्र ने इस विषय पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।उन्होंने कहा कि वह बीती बातों में समय बिताने के बजाय नई चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं पर ध्यान केंद्रित करना पसंद करेंगे।

‘सबके भरोसे को बनाए रखना मेरी प्राथमिकता’

जितेन्द्र मिश्र ने कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि वह सभी के भरोसे पर खरे उतरें। उन्होंने संकेत दिया कि कार्यभार संभालने के बाद वह टीम और ट्रस्ट के सहयोग से व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button