BollywoodEntertainmentNews

Entertainment: रश्मिका मंदाना की ‘मैसा’ का बड़ा ऐलान, 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में आएगी एक्शन थ्रिलर

मनोरंजन डेस्क: बॉलीवुड और साउथ सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री रश्मिका मंदाना अपनी आगामी एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘मैसा’ में बेहद दमदार और निडर अंदाज में नजर आने वाली हैं। लंबे समय से चर्चा में बनी इस फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है। फिल्म 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।मेकर्स के अनुसार, ‘मैसा’ भारतीय सिनेमा की महिला-केंद्रित बड़ी पैन-इंडिया फिल्मों में से एक होगी। फिल्म में रश्मिका का ऐसा अवतार देखने को मिलेगा, जिसे दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखा है।

हाथ में भाला और चेहरे पर खून, सामने आया पावरफुल लुक

रिलीज डेट की घोषणा के साथ मेकर्स ने फिल्म का नया पोस्टर भी जारी किया है। पोस्टर में रश्मिका मंदाना हाथ में भाला लिए हुए बेहद आक्रामक और खूंखार अंदाज में नजर आ रही हैं। उनके चेहरे और शरीर पर खून के निशान फिल्म के एक्शन से भरपूर होने का संकेत देते हैं।मेकर्स ने रश्मिका के किरदार को स्वभाव से सहनशील, अपनी पसंद से निडर और आत्मा से अटूट बताया है। पोस्टर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता बढ़ गई है।

आदिवासी इलाकों की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी कहानी

‘मैसा’ को हाई-ऑक्टेन और इमोशनल एक्शन थ्रिलर के तौर पर तैयार किया जा रहा है। फिल्म की कहानी आदिवासी इलाकों और उनकी सांस्कृतिक जड़ों की पृष्ठभूमि में बुनी गई है। फिल्म में जबरदस्त एक्शन और खतरनाक स्टंट के साथ भावनात्मक कहानी को भी प्रमुखता दी गई है। मेकर्स का दावा है कि फिल्म की सिनेमाटोग्राफी और विजुअल ट्रीटमेंट दर्शकों को एक अलग दुनिया का अनुभव कराएगी।

जून 2026 में सामने आया था पहला लुक

फिल्म का पहला लुक जून 2026 में जारी किया गया था। उस पोस्टर में रश्मिका चेहरे पर खून के निशान, खुले बाल और हाथ में तलवार लिए बेहद उग्र रूप में दिखाई दी थीं।रश्मिका ने भी इस प्रोजेक्ट को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की थी। उन्होंने इस किरदार को अपने करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण और अलग अनुभवों में से एक बताया था।

रविंद्र पुल्ले ने किया है निर्देशन

‘मैसा’ का निर्देशन रविंद्र पुल्ले कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण अनफॉर्मूला फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है। निर्देशक ने फिल्म की कहानी, दुनिया और किरदारों को यथार्थवादी तरीके से पेश करने की कोशिश की है।फिल्म की कहानी के केंद्र में रश्मिका का किरदार होगा और उनके एक्शन अवतार को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है।

27 नवंबर को सिनेमाघरों में होगी रिलीज

रश्मिका मंदाना की ‘मैसा’ अब 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। फिल्म की रिलीज डेट सामने आने के बाद अब दर्शकों की नजर इसके ट्रेलर और अन्य प्रमोशनल अपडेट्स पर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button