ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में 6 साल की बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बलराज उर्फ बल्ला को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप था।मुठभेड़ ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के टिड्डी पार्क में हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
28 अगस्त को हुई थी 6 साल की बच्ची की हत्या
जानकारी के अनुसार, 28 अगस्त को ग्रेटर नोएडा में 6 साल की मासूम की हत्या की घटना सामने आई थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था।पुलिस जांच में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर आरोपी बच्ची को ले जाते और बाद में बोरे में शव ले जाते हुए दिखाई दिया था। मामले में बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का भी आरोप लगाया गया था।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को पकड़ा गया
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अनुसार, ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से आरोपी बलराज पुत्र खेमचंद, निवासी तिलपता, थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर, वर्तमान निवासी हल्द्वानी, थाना ईकोटेक-3 को गिरफ्तार किया था।पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर घटना में इस्तेमाल चाकू को डी पार्क चौकी के पास ग्रीन बेल्ट में छिपाने की जानकारी दी।
चाकू बरामद कराने के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को साथ लेकर टीम चाकू बरामद करने बताए गए स्थान पर पहुंची। आरोपी ने झाड़ियों से चाकू निकालकर बरामद कराया।इसी दौरान पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने मौका पाकर झाड़ियों में पहले से छिपाई गई .32 बोर की पिस्टल निकाल ली और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिसकर्मी रवि कुमार भी घायल
पुलिस के अनुसार, आरोपी की फायरिंग में ईकोटेक-3 थाने में तैनात हेड कांस्टेबल रवि कुमार घायल हो गए।इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी बलराज गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने आरोपी बलराज को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल पुलिसकर्मी का उपचार जारी है।
आरोपी के पास से पिस्टल और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, तीन खोखे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। साथ ही मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
