बोकारो। जिले के तेनुघाट डैम के कॉजवे के पास एक नाबालिग लड़की के नदी में कूदने की सूचना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तेज पानी के बहाव के बीच लड़की बहकर नदी के बीच स्थित एक पत्थर पर पहुंच गई, जहां वह फंस गई। सूचना मिलने पर तेनुघाट ओपी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डैम का गेट बंद कराया और स्थानीय तैराक की मदद से किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
राहगीरों ने देखा, पुलिस को दी सूचना
जानकारी के अनुसार, कॉजवे के पास नदी के आर-पार आने-जाने वाले लोगों ने एक लड़की को नदी के बीच एक पत्थर पर बैठा देखा। उस समय डैम का गेट खुला होने के कारण नदी में पानी का बहाव काफी तेज था।स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो को दी। सूचना मिलते ही ओपी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।
तेज बहाव के कारण पहले बंद कराया गया डैम का गेट
ओपी प्रभारी भजनलाल महतो ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक नाबालिग लड़की कॉजवे के पास नदी के बीच स्थित पत्थर पर बैठी हुई है। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि चारों ओर पानी भरा हुआ था और बहाव काफी तेज था।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल तेनुघाट डैम का गेट बंद कराया गया, ताकि पानी का बहाव कम किया जा सके और सुरक्षित तरीके से बचाव कार्य चलाया जा सके।
स्थानीय तैराक की मदद से सुरक्षित बाहर निकाली गई लड़की
डैम का गेट बंद होने के बाद स्थानीय तैराक की मदद से नदी के बीच फंसी किशोरी तक पहुंचा गया। काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।बचाव के बाद पुलिस ने किशोरी को तत्काल इलाज और स्वास्थ्य जांच के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, तेनुघाट भेजा।
गोमिया की रहने वाली है किशोरी, परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस के अनुसार, लड़की ने बताया कि वह गोमिया क्षेत्र की रहने वाली है। घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर किशोरी को उनके सुपुर्द किया जाएगा।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, परिवार में आपसी मनमुटाव के कारण किशोरी ने नदी में कूदने का कदम उठाया। हालांकि, मामले की आगे जांच और आवश्यक कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।
समय पर कार्रवाई से बची जान
तेनुघाट ओपी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, डैम का गेट बंद कराने और स्थानीय तैराकों के सहयोग से तेज बहाव के बीच फंसी किशोरी की जान बचाई जा सकी। घटना के बाद इलाके में पुलिस की तत्परता की चर्चा हो रही है।
