रांची: झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने एमएमडीआर संशोधन अधिनियम को लेकर कांग्रेस के विरोध पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम का विरोध बेतुका और बेबुनियाद है तथा कांग्रेस केवल देश और प्रदेश की जनता को गुमराह करने एवं असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।उन्होंने कांग्रेस को मुद्दाविहीन पार्टी बताते हुए कहा कि मुद्दों को भटकाना उसकी पुरानी फितरत रही है।
कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप
आदित्य साहू ने कहा कि लोकतंत्र लोकलाज से चलता है, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने लोकलाज को पूरी तरह छोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस द्वारा बार-बार जनता को गुमराह करना, अच्छे कानूनों और नीतियों को तोड़-मरोड़कर पेश करना तथा लोगों को बरगलाना उसके स्वभाव में शामिल हो गया है।उन्होंने कहा कि एमएमडीआर संशोधन अधिनियम को लेकर कांग्रेस झारखंड में अनावश्यक भ्रम फैलाने का काम कर रही है।
कांग्रेस शासित राज्यों में भी विरोध नहीं होने का दावा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि एमएमडीआर संशोधन अधिनियम का पूरे देश में कहीं व्यापक विरोध नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों में भी इस अधिनियम के खिलाफ कोई विरोध नहीं दिख रहा है, लेकिन झारखंड में कांग्रेस इसे लेकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि प्रदेश में छात्रों का बड़ा आंदोलन चल रहा है और फर्जी मुकदमों व पुलिस कार्रवाई के मुद्दे सामने आ रहे हैं, लेकिन कांग्रेस इन मुद्दों से ध्यान हटाने का प्रयास कर रही है।
कोयला और खनिज से जुड़े मुद्दे पर सरकार को घेरा
आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड के उद्यमियों को पड़ोसी राज्यों से सस्ते दर पर कोयला और आयरन ओर मिल रहा है। ऐसे में सवाल यह है कि झारखंड में उत्पादित महंगा कोयला खरीदने के लिए उद्योगपति क्यों आगे आएंगे।उन्होंने झारखंड सरकार पर सेस के नाम पर अधिक वसूली का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में आयरन ओर पर 600 रुपये प्रति टन और कोयले पर 450 रुपये प्रति टन की दर से सेस वसूला जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि पड़ोसी राज्यों की तुलना में झारखंड में सेस की दर अधिक क्यों है।
कांग्रेस पर झारखंड को एटीएम की तरह इस्तेमाल करने का आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने झारखंड को एटीएम बनाकर रखा है और अपनी आवश्यकता के अनुसार इसका इस्तेमाल कर राज्य को लूटने का काम किया है।उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस एमएमडीआर संशोधन अधिनियम का विरोध इसलिए कर रही है क्योंकि कोयला क्षेत्र से होने वाली उसकी कथित अवैध कमाई बंद होने वाली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विभिन्न जिलों में कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को गुमराह कर रही है, लेकिन जनता अब उसकी बातों को गंभीरता से नहीं लेती।
झारखंड आंदोलन को लेकर भी साधा निशाना
आदित्य साहू ने कहा कि आंदोलनों को बेचने-खरीदने और मुद्दों को भटकाने का कांग्रेस का पुराना इतिहास रहा है। उन्होंने अलग झारखंड आंदोलन के दौर का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर आंदोलन को कमजोर करने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के पास उस समय लोकलाज होती तो झारखंड राज्य का गठन पहले ही हो गया होता।
भाजपा कार्यकर्ता देंगे करारा जवाब
आदित्य साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर कांग्रेस के कथित मंसूबों को नाकाम करने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि जनता को भ्रमित करने की कोशिशों का भाजपा मजबूती से जवाब देगी।
