Bihar: बिहार में 100 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की समीक्षा, हर जिला मुख्यालय में बनेगी साइंस सिटी

पटना। बिहार में 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विकास परियोजनाओं और केंद्र प्रायोजित योजनाओं की बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने समीक्षा की। लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने ‘बिहार गति’ के तहत चल रही परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बड़े विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं का तत्काल समाधान किया जाए, ताकि राज्य में विकास की रफ्तार और तेज हो सके।

हर जिला मुख्यालय में बनेगी साइंस सिटी

बैठक में मुख्यमंत्री ने विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि बिहार के प्रत्येक जिला मुख्यालय में साइंस सिटी का निर्माण सुनिश्चित किया जाए।इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को आधुनिक वैज्ञानिक सुविधाओं तथा प्रयोगात्मक ज्ञान से जोड़ना है। साइंस सिटी के माध्यम से बच्चों और युवाओं को विज्ञान एवं तकनीक को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिलेगा।

राजगीर खेल अकादमी और क्रिकेट स्टेडियम का काम जल्द पूरा करने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने राजगीर में राज्य खेल अकादमी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम के शेष निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कराने के निर्देश भी दिए।उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण खेल परियोजनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और संबंधित विभाग समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूरा कराएं।

बिजली व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य की बिजली व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।साथ ही विद्युत विभाग से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा करने और विभिन्न क्षेत्रों में चल रही योजनाओं का अधिकारियों द्वारा निरीक्षण कराने पर भी जोर दिया गया।

25 लाख सोलराइजेशन का लक्ष्य, जीविका दीदियों की होगी बड़ी भूमिका

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के कार्यान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों के माध्यम से 25 लाख सोलराइजेशन का लक्ष्य पूरा कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए।बैठक में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में महिलाओं, विशेषकर जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

किसानों और ग्रामीण परिवारों तक पहुंचेंगी सौर ऊर्जा योजनाएं

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सौर पंप सहित सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं का लाभ किसानों और ग्रामीण परिवारों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।जीविका से संबंधित योजनाओं की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों के कार्यक्षेत्र का विस्तार करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।

Exit mobile version