Jharkhand: रांची में ईद मिलाद-उन-नबी जुलूस को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था बदली, दोपहर 12 बजे से कई मार्गों पर वाहनों की नो-एंट्री

रांची। राजधानी रांची में बुधवार 26 अगस्त को ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर निकलने वाले पारंपरिक जुलूस को लेकर यातायात पुलिस ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए हैं। दोपहर 12 बजे से जुलूस समाप्त होने तक मेन रोड सहित जुलूस मार्ग से जुड़े कई प्रमुख इलाकों में सामान्य और सवारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।वहीं, शहर में जाम की स्थिति से निपटने के लिए सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश पर पूर्ण रोक लगा दी गई है। भारी वाहनों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए रिंग रोड का उपयोग करना होगा।

कांटाटोली से अल्बर्ट एक्का चौक तक जुलूस मार्ग पर विशेष व्यवस्था

ट्रैफिक एसपी कार्यालय की ओर से जारी दिशा-निर्देश के अनुसार जुलूस के दौरान कांटाटोली चौक, राजेंद्र चौक, सुजाता चौक, सर्जना चौक और अल्बर्ट एक्का चौक समेत कई प्रमुख क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी।जुलूस के दौरान आम लोगों के आवागमन को सुचारू बनाए रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में रूट डायवर्जन और नो-एंट्री व्यवस्था लागू की गई है।

दोपहर 12 बजे से इन मार्गों पर वाहनों का परिचालन बंद

जुलूस समाप्त होने तक छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों, ऑटो, ई-रिक्शा, टोटो और अन्य सवारी वाहनों के लिए निम्नलिखित मार्गों पर परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

सर्जना चौक से राजेंद्र चौक मार्ग

सर्जना चौक से राजेंद्र चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर वूल हाउस, उर्दू लाइब्रेरी, रतन पीपी, सुजाता चौक और बिग बाजार चौक होते हुए वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

कांटाटोली से पथलकुदवा चौक मार्ग

कांटाटोली से पथलकुदवा चौक जाने वाले मार्ग पर कुम्हार टोली और नया टोली के रास्ते वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।

प्लाजा चौक से मिशन चौक तक नो-एंट्री

प्लाजा चौक से मिशन चौक तक वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा।

मिशन चौक से कर्बला चौक मार्ग बंद

जुलूस समाप्त होने तक मिशन चौक से कर्बला चौक तक वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा।

कर्बला चौक से काली मंदिर और वूल हाउस की ओर जाने वाले मार्ग प्रभावित

कर्बला चौक से काली मंदिर और वूल हाउस की ओर आने-जाने वाले सभी संपर्क मार्गों पर भी यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा।

सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक भारी वाहनों पर रोक,रिंग रोड का इस्तेमाल करेंगे सभी भारी मालवाहक वाहन

26 अगस्त को सुबह 6 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक रांची शहर में किसी भी भारी मालवाहक वाहन के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।यातायात पुलिस के अनुसार, सभी भारी वाहन अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए रिंग रोड के वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करेंगे।

जरूरत पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी हो सकता है डायवर्जन

ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि जुलूस, भीड़ और विधि-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी अस्थायी रूप से वाहनों का परिचालन रोका या डायवर्ट किया जा सकता है।

ट्रैफिक पुलिस की शहरवासियों से अपील

यातायात पुलिस ने आम लोगों से सहयोग की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि जुलूस और भीड़भाड़ को देखते हुए बहुत जरूरी या विशेष परिस्थिति में ही निजी चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल करें।प्रशासन का मानना है कि निजी वाहनों की संख्या कम होने से मुख्य मार्गों पर अनावश्यक जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा और जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।

Exit mobile version