Bengal: कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट के होटल में भीषण आग, 9 लोगों की मौत; 6 घायल

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से देर रात एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में भीषण आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छह पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल बताया जा रहा है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

रात करीब 2 बजे के बाद लगी आग

जानकारी के मुताबिक, G+4 इमारत में बने होटल में रात करीब 2 बजे के बाद आग लगी। आग की लपटें तेजी से फैलने के साथ पूरे होटल में धुआं भर गया। धुएं की वजह से कई लोगों के बेहोश होने की भी जानकारी सामने आई है।फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

9 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान रात करीब 3 बजे के बाद इमारत से कई लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें से 9 लोगों को कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।हादसे में कम से कम 6 अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, करीब 60 लोगों को बिना चोट के सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

मृतकों में बच्चा और दो महिलाएं शामिल

हादसे में जान गंवाने वालों में छह पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार होटल में ठहरे कई लोग बांग्लादेश के सीमावर्ती इलाकों से इलाज के लिए कोलकाता आए थे।हालांकि, मृतकों की पहचान और उनके संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

होटल में अग्निशमन व्यवस्था को लेकर उठे सवाल

हादसे के बाद होटल की फायर सेफ्टी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि होटल में आग बुझाने की पर्याप्त व्यवस्था मौजूद नहीं थी। मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि होटल में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

एसी में विस्फोट की आशंका, कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं

प्रारंभिक जानकारी में एयर कंडीशनर में विस्फोट को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।फायर और जांच एजेंसियां घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर आग के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।

न्यू मार्केट के पास घनी आबादी वाला इलाका

मिर्जा गालिब स्ट्रीट का यह इलाका कोलकाता के न्यू मार्केट के पास स्थित है और शहर के व्यस्त तथा घनी आबादी वाले क्षेत्रों में गिना जाता है। ऐसे इलाके में होटल में आग लगने से राहत और बचाव अभियान के दौरान भी चुनौती सामने आई।फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है और राहत-बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है। हादसे में हुई मौतों के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

Exit mobile version