Jharkhand: जितिया पर्व पर मां के साथ स्नान करने गईं दो बहनें नदी में डूबीं, बड़ी को बचाया, 9 वर्षीय पूनम लापता

जमशेदपुर :लौहनगरी जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में जितिया (जीमूतवाहन) पर्व का हर्षोल्लास उस समय मातम में बदल गया, जब नदी में स्नान के दौरान एक ही परिवार की दो सगी बहनें तेज बहाव की चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों की तत्परता और साहस से बड़ी बहन को डूबने से बचा लिया गया, लेकिन 9 वर्षीय मासूम बच्ची पानी की धार में बह गई।घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे समता नगर इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।जितिया पर मां के साथ गांधी घाट गई थीं दोनों बहनेंप्राप्त जानकारी के अनुसार, मानगो के समता नगर निवासी संतोष ठाकुर की दो बेटियां अपनी मां के साथ जितिया पर्व के उपलक्ष्य में स्नान करने के लिए मानगो गांधी घाट गई। स्नान के दौरान दोनों बच्चियां अनजाने में गहरे पानी की ओर चली गईं। नदी का जलस्तर और बहाव तेज होने के कारण दोनों संतुलन खो बैठीं और बहने लगीं। बच्चियों को डूबता देख घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने तुरंत नदी में छलांग लगा दी।

स्थानीय लोगों ने ज्योति को निकाला; एमजीएम में इलाज जारी, पूनम बह गई

नदी किनारे मौजूद लोगों के त्वरित प्रयास से एक बड़ा हादसा आंशिक रूप से टल सका, लेकिन छोटी बहन को बचाया नहीं जा सका। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बड़ी बहन ज्योति कुमारी को पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।9 वर्षीय छोटी बहन पूनम कुमारी नदी के भीषण बहाव में बह गई। देर शाम तक स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा हो जाने के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी बाधा आई।

सामाजिक कार्यकर्ता ने डीसी को दी सूचना; रेस्क्यू टीम तैनात करने की मांग

घटना की सूचना मिलते ही मानगो के सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। विकास सिंह ने घटना की जानकारी तुरंत जमशेदपुर के उपायुक्त को दी और एनडीआरएफ या गोताखोरों की विशेष टीम तैनात कर रात में भी सर्च अभियान जारी रखने का अनुरोध किया। संतोष ठाकुर के घर पर जिउतिया के पावन अवसर पर इस अनहोनी से कोहराम मचा हुआ है। परिजनों की निगाहें अब केवल पूनम की सलामती और उसकी तलाश पर टिकी हैं।

Exit mobile version