Uttar Pradesh: आईपीएस अधिकारी की मां की लूटपाट के बाद हत्या, घर में मिला शव; जेवरात गायब

अंबेडकरनगर। लखनऊ में तैनात आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्र की मां इंद्रा देवी की शनिवार रात कथित तौर पर लूट के बाद हत्या कर दी गई। रविवार सुबह उनका शव घर के अंदर मिला। उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और शरीर से सोने की चेन, कंगन, कुंडल, अंगूठी समेत अन्य जेवरात गायब थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

कमरे का दरवाजा बाहर से किया गया बंद

बताया गया कि वारदात के बाद बदमाशों ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था। सूचना मिलने पर अयोध्या रेंज के डीआईजी सोमेन बर्मा और एसपी प्राची सिंह समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के बाद घर पर रुकी थीं इंद्रा देवी

इंद्रा देवी के बेटे आशुतोष मिश्र शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपनी मां के साथ विद्यालय पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद वह शाम करीब छह-सात बजे लखनऊ लौट गए, जबकि इंद्रा देवी स्कूल में अधूरी वायरिंग का काम पूरा कराने के लिए वहीं रुक गई थीं।रात करीब 10 बजे आशुतोष मिश्र ने फोन पर अपनी मां से बात भी की थी। रविवार सुबह करीब छह बजे उन्होंने दोबारा फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा।

काम करने वाली महिला ने देखा शव

सुबह करीब नौ बजे घर में काम करने वाली पियारी देवी वहां पहुंचीं। मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। अंदर पहुंचने पर उन्होंने इंद्रा देवी को हाल में बेड पर पड़ा देखा। उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था।शरीर में कोई हलचल नहीं मिलने पर उन्होंने पड़ोसी राम नायक को सूचना दी। मौके पर पहुंचे राम नायक ने उनके मुंह से कपड़ा निकाला और घटना की जानकारी पुलिस व परिजनों को दी।

शरीर पर खरोंच, हाथ में इंजेक्शन का निशान

दोपहर करीब एक बजे आईपीएस आशुतोष मिश्र मौके पर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, इंद्रा देवी के शरीर से कई आभूषण गायब थे। उनके हाथ में इंजेक्शन लगाने का निशान भी दिखाई दिया, जबकि शरीर पर खरोंच के निशान पाए गए।पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू किए।

डीआईजी ने घर और छत का किया निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी प्राची सिंह, एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी अनूप सिंह और थानाध्यक्ष शशांक शुक्ल मौके पर पहुंचे।शाम करीब छह बजे अयोध्या जोन के डीआईजी सोमेन बर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने घर के अंदर के साथ-साथ छत पर जाकर भी स्थिति का जायजा लिया।

लूट और हत्या का केस दर्ज

आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्र की तहरीर पर पुलिस ने लूट और हत्या का मामला दर्ज किया है। एएसपी हरेंद्र कुमार ने केस दर्ज होने की पुष्टि की है।पुलिस अब घटना के पीछे शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। वारदात में लूट के साथ हत्या की वजह और घटनाक्रम की कड़ियों को भी जोड़ा जा रहा है।

Exit mobile version