Jharkhand: जेपीएससी -जेएसएससी मामले को लेकर सीबीआई जांच की मांग पर कांग्रेस प्रभारी के. राजू का दो टूक जवाब ,जाने क्या दी नसीहत

धनबाद। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू ने सीबीआई जांच की मांग पर पार्टी का रुख स्पष्ट किया। रविवार को धनबाद पहुंचे के. राजू ने कहा कि नीट से जुड़े मामलों में सीबीआई जांच के बावजूद अपेक्षित परिणाम नहीं निकला, इसलिए केवल सीबीआई जांच की मांग करना समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि फिलहाल झारखंड में सीआईडी जांच चल रही है और लगातार गिरफ्तारियां भी हो रही हैं।

छात्रों की मांगों को लेकर सरकार गंभीर: के. राजू

के. राजू ने कहा कि झारखंड सरकार छात्रों की मांगों को लेकर गंभीर है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।के. राजू के मुताबिक, राहुल गांधी ने शनिवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर छात्रों की समस्याओं का समाधान निकालने का आग्रह किया है।

हाई पावर कमेटी का भी किया गया गठन

कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के साथ उनकी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात हो चुकी है। इस दौरान छात्रों की मांगों पर चर्चा हुई थी और हाई पावर कमेटी का गठन भी किया गया।उन्होंने दावा किया कि छात्रों की अधिकतर मांगों को सरकार ने स्वीकार कर लिया है।

सीबीआई जांच की मांग पर क्या बोले के. राजू?

छात्र आंदोलन की प्रमुख मांगों में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की सीबीआई जांच भी शामिल है। इस पर के. राजू ने नीट मामलों का उदाहरण देते हुए कहा कि कई मामलों की सीबीआई जांच के बावजूद कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया।उन्होंने कहा कि फिलहाल राज्य में सीआईडी जांच जारी है और जांच के दौरान गिरफ्तारियां भी हो रही हैं।

राहुल गांधी को लेकर भी छात्रों ने उठाए सवाल

इस बीच आंदोलन कर रहे छात्रों ने अब राहुल गांधी को भी अपने निशाने पर लिया है। छात्रों की मांग है कि राहुल गांधी सरकार पर दबाव बनाकर उनकी मांगें पूरी करवाएं। इसके साथ ही छात्रों ने मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में सरकार से समर्थन वापस लेने की बात भी कही है।छात्रों ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के घेराव का ऐलान किया है।

धनबाद में कांग्रेस की समीक्षा बैठक

के. राजू रविवार को धनबाद लोकसभा क्षेत्र की समीक्षा बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस की गतिविधियों के विस्तार को लेकर चर्चा हुई।बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, धनबाद लोकसभा प्रभारी एवं विधायक अनूप सिंह समेत पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे। इस दौरान अंबा प्रसाद को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने की बात सामने आई।

Exit mobile version