नांदेड: पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड में हमला हुआ है। जानकारी के मुताबिक, गुरुद्वारा परिसर में एक निहंग सिख ने कथित तौर पर उन पर कृपाण से हमला किया। इस घटना में सुखबीर सिंह बादल के दाएं हाथ में चोट लगी है।उन्हें इलाज के लिए नांदेड के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके हाथ में 4 से 5 टांके लगाए। उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिस अधिकारी के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
हमला करने वाला निहंग गिरफ्तार
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी उसी गुरुद्वारे का निहंग बताया जा रहा है।बताया गया कि नांदेड के माता साहिब कौर इलाके स्थित गुरुद्वारे में सुखबीर सिंह बादल मौजूद थे, तभी आरोपी ने धारदार हथियार, जिसे कृपाण बताया जा रहा है, से उन पर हमला कर दिया।
सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर भी घायल
हमले के दौरान सुखबीर सिंह बादल की सुरक्षा में तैनात पुलिस इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना हजूर साहिब, नांदेड के माता साहिब गुरुद्वारे के पास हुई।हमलावर को मौके के बाद हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने ली घटना की जानकारी
नांदेड में सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की जानकारी मिलने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड पुलिस अधीक्षक से घटना की जानकारी ली।मुख्यमंत्री ने पुलिस को हमले के पीछे के उद्देश्य का पता लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया है और सुखबीर सिंह बादल की हालत ठीक है।
पहले स्वर्ण मंदिर में भी हुआ था हमला
सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में भी हमला हुआ था। उस दौरान एक व्यक्ति ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी।घटना के समय सुखबीर सिंह बादल और शिरोमणि अकाली दल के अन्य नेता श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से सुनाई गई धार्मिक सजा के तहत ‘सेवा’ कर रहे थे।
लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया था हमलावर
गोली चलाए जाने के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने हमलावर को पकड़ लिया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके पास से पिस्तौल बरामद की थी।उस आरोपी की पहचान नारायण सिंह के रूप में हुई थी। अब नांदेड में हुए ताजा हमले के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हमले के मकसद और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
