प्रयागराज: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज पहुंच गए हैं। उनके साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की बेटी मिराया वाड्रा भी मौजूद हैं। राहुल गांधी का विमान दोपहर करीब 1:25 बजे प्रयागराज एयरपोर्ट पर उतरा।एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय, राजेश तिवारी, गौरव पांडेय, मोना तिवारी, सांसद उज्ज्वल रमण सिंह समेत कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
एयरपोर्ट से सीधे आनंद भवन पहुंचे राहुल गांधी
एयरपोर्ट से राहुल गांधी और मिराया वाड्रा सीधे आनंद भवन के लिए रवाना हुए। जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी यहां कुछ समय विश्राम करेंगे। इसके बाद आनंद भवन ट्रस्ट से जुड़े लोगों से मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर बातचीत का कार्यक्रम है।शाम को राहुल गांधी केपी कॉलेज मैदान में छात्रों से संवाद करेंगे।
शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर छात्रों से करेंगे बातचीत
राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे को लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। एक छात्र के सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने शुक्रवार को वीडियो संदेश जारी कर कहा था कि वह छात्रों की बात सुनने के लिए प्रयागराज आ रहे हैं।उन्होंने कहा कि वह छात्रों के साथ रोजगार और नौकरी की स्थिति पर चर्चा करना चाहते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि देश में छात्रों के सामने शिक्षा और रोजगार को लेकर बड़ा सवाल खड़ा है और युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रों की आवाज सुनी जाएगी और शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े मुद्दों पर उनके साथ चर्चा की जाएगी।
714 दिन बाद प्रयागराज पहुंचे राहुल गांधी
राहुल गांधी इससे पहले 24 अगस्त 2024 को प्रयागराज आए थे। इस लिहाज से करीब 714 दिन बाद उनका प्रयागराज दौरा हो रहा है।अपने पिछले दौरे के दौरान राहुल गांधी ने संविधान सम्मान सम्मेलन में हिस्सा लिया था और संविधान एवं सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर संबोधित किया था।इस बार उनका कार्यक्रम मुख्य रूप से छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित है।
मिराया वाड्रा भी प्रयागराज दौरे पर रहीं साथ
राहुल गांधी के साथ प्रयागराज पहुंचीं मिराया वाड्रा, प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा की बेटी हैं। वह राहुल गांधी की भांजी हैं।मिराया ने अभी तक सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने देहरादून के प्रतिष्ठित वेल्हम गर्ल्स स्कूल से स्कूली शिक्षा हासिल की है। उन्हें पढ़ाई के साथ एडवेंचर गतिविधियों में भी रुचि रही है।
छात्रों की नजर राहुल गांधी के संवाद कार्यक्रम पर
राहुल गांधी के केपी कॉलेज मैदान में प्रस्तावित छात्र संवाद को लेकर प्रयागराज के छात्रों में उत्सुकता है। शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर राहुल गांधी छात्रों की बात सुनेंगे।कांग्रेस की ओर से इस कार्यक्रम को छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद के तौर पर पेश किया जा रहा है।
