Jharkhand: जामताड़ा में मतदाता सूची 2026 का प्रारूप प्रकाशित, 4 सितंबर तक दर्ज कर सकेंगे दावा-आपत्ति

जामताड़ा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड में चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम -2026 के तहत बुधवार को जामताड़ा जिले की प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आलोक कुमार ने प्रेस वार्ता में जिले के सभी मतदाताओं से सूची की जांच करने और किसी भी त्रुटि की स्थिति में निर्धारित समय सीमा के भीतर दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अपील की।
जिले में 08-नाला और 09-जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र को मिलाकर कुल 723 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 723 बूथ लेवल ऑफिसर और 71 बीएलओ सुपरवाइजर तैनात हैं।

जिले में 5.06 लाख से अधिक मतदाता

प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार जामताड़ा जिले में कुल 5,06,781 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें पुरुष मतदाता: 2,57,373,महिला मतदाता: 2,49,404 और थर्ड जेंडर मतदाता: 4 है।

विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़े:

नाला विधानसभा: 2,20,560 मतदाता
जामताड़ा विधानसभा: 2,86,221 मतदाता

प्रारूप सूची सभी मतदान केंद्रों, पंचायत भवनों और निर्वाचन कार्यालयों में उपलब्ध करा दी गई है, ताकि नागरिक अपने नाम और अन्य विवरण की जांच कर सकें।

4 सितंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा और आपत्ति

मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के साथ ही 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार—

दावा-आपत्ति की अवधि: 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026
दावों का निस्तारण: 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026
अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन: 7 अक्टूबर 2026

इन परिस्थितियों में भरें फॉर्म-6 और फॉर्म-8

जिला प्रशासन ने बताया कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं।
जिन पात्र नागरिकों का नाम प्रारूप सूची में नहीं है या जिन्होंने गणना प्रपत्र जमा नहीं किया था, वे भी दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।
एक ही परिवार के सदस्यों का मतदान केंद्र घर के निकट स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है।
झारखंड में रहने वाले लेकिन बिहार, पश्चिम बंगाल या अन्य राज्यों की मतदाता सूची में दर्ज नागरिक भी आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर अपना नाम झारखंड में स्थानांतरित करा सकते हैं।

अगस्त में लगेंगे विशेष शिविर

मतदाताओं की सुविधा के लिए जिले में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।

विशेष कार्यक्रम:

8 और 9 अगस्त: प्रथम विशेष कैंप
15 अगस्त (सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे): ग्राम सभा
22 और 23 अगस्त: द्वितीय विशेष कैंप

इन शिविरों में नाम जोड़ने, संशोधन, स्थानांतरण और अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उपायुक्त की अपील

उपायुक्त आलोक कुमार ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम, पता और अन्य विवरण अवश्य जांचें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि, नाम छूटने या संशोधन की आवश्यकता हो तो निर्धारित अवधि के भीतर दावा-आपत्ति दर्ज कर अंतिम मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें।

Exit mobile version