Delhi: फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया फ्लाइट में टर्बुलेंस, 10 यात्री और 4 क्रू सदस्य घायल

नई दिल्ली: एयर इंडिया ने मंगलवार को पुष्टि की कि फुकेट से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI2379 को उड़ान के दौरान अचानक टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। इस दौरान विमान की ऊंचाई में कुछ समय के लिए बदलाव दर्ज किया गया, जिससे 10 यात्री और 4 क्रू सदस्य मामूली रूप से घायल हो गए। विमान में कुल 134 यात्री सवार थे।

दो से तीन मिनट तक रहा टर्बुलेंस का असर

जानकारी के अनुसार, विमान क्रूज चरण में था, तभी अचानक तेज टर्बुलेंस के कारण विमान में झटके महसूस किए गए। यह स्थिति करीब दो से तीन मिनट तक बनी रही। इसके बाद विमान ने निर्धारित समय पर सुबह लगभग 11 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की।

घायलों को मेडिकल सेंटर भेजा गया

लैंडिंग के तुरंत बाद एयर इंडिया की मेडिकल टीम ने सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों की स्वास्थ्य जांच की। मामूली रूप से घायल 10 यात्रियों और 4 क्रू सदस्यों को एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट स्थित मेदांता मेडिकल सेंटर भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

एयर इंडिया ने क्या कहा?

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली पहुंच गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। उन्होंने बताया कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। एयरलाइन प्रभावित यात्रियों और क्रू सदस्यों को हर आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रही है तथा घटना की जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ सहयोग कर रही है।

टर्बुलेंस की जांच शुरू

एयर इंडिया ने बताया कि तकनीकी टीम और संबंधित एजेंसियां टर्बुलेंस की वजहों की जांच कर रही हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

क्या होता है एयर टर्बुलेंस?

एयर टर्बुलेंस हवा के प्रवाह में अचानक होने वाला बदलाव है, जिसके कारण विमान में झटके महसूस होते हैं। इसके प्रमुख कारण हैं गरज-चमक वाले बादल और खराब मौसम,अलग-अलग दिशा और गति से बहने वाली हवाओं का टकराव,पहाड़ी क्षेत्रों के ऊपर बनने वाली वायु तरंगें। क्लियर एयर टर्बुलेंस , जो बिना बादलों के साफ आसमान में अचानक आता है और इसे रडार से भी पहचानना मुश्किल होता है।

Exit mobile version