देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में गुरुवार शाम डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा हटाने को लेकर बड़ा बवाल हो गया। प्रशासन और ग्रामीणों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस और राजस्व विभाग की टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी और राजस्वकर्मी घायल हो गए।स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने बल प्रयोग कर हालात पर काबू पाया और दर्जनभर लोगों को हिरासत में लिया। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है।
खलिहान की जमीन पर स्थापित की गई थी प्रतिमा
जानकारी के अनुसार, गौरीबाजार थाना क्षेत्र के लबकनी गांव में ग्रामीणों ने मंगलवार रात खलिहान की भूमि पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी थी। बुधवार को इसकी जानकारी राजस्व विभाग को मिली, जिसके बाद प्रशासन ने मौके का निरीक्षण किया।बुधवार शाम भी पुलिस ने प्रतिमा हटाने का प्रयास किया था, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण कार्रवाई टाल दी गई और एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
गुरुवार को दोबारा पहुंची प्रशासनिक टीम
गुरुवार को एसडीएम और सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने जेसीबी की मदद से प्रतिमा को सम्मानपूर्वक हटाने की कार्रवाई की। इसी दौरान ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते पुलिस व राजस्व विभाग की टीम पर पथराव होने लगा।पथराव के दौरान कई पुलिसकर्मी और राजस्व विभाग के कर्मचारी घायल हो गए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रशासनिक कर्मियों को पीछे हटना पड़ा।
डीएम-एसपी पहुंचे, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएम मधुसूदन हुल्गी और एसपी अभिजीत आर. शंकर मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया और कई उपद्रवियों को हिरासत में लिया।
एसपी बोले- अराजक तत्वों ने किया पथराव
एसपी अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि खलिहान की भूमि पर अवैध रूप से प्रतिमा स्थापित किए जाने की सूचना पर प्रशासन और पुलिस की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी। बातचीत के बाद प्रतिमा हटाने के दौरान कुछ अराजक तत्वों ने पथराव किया, जिसमें पुलिसकर्मी और राजस्वकर्मी घायल हुए हैं।उन्होंने कहा कि मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
