नई दिल्ली: भारतीय हॉकी टीम की नई जर्सी के रंग को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को भारतीय हॉकी टीम की जर्सी का रंग नीले से केसरिया किए जाने की आलोचना करते हुए इसे देश की पहचान और इतिहास को बदलने की कोशिशों से जोड़ा।संसद के मानसून सत्र के दौरान पत्रकारों से बातचीत में प्रियंका गांधी ने कहा कि देश की असली पहचान अहिंसा, सच्चाई और भाईचारे में निहित है और इसे कोई भी बदल नहीं सकता।
‘देश के युवा सब देख रहे हैं’
प्रियंका गांधी ने कहा कि चाहे जर्सी बदली जाए या शिक्षा नीति के जरिए इतिहास को फिर से लिखने की कोशिश की जाए, देश के युवा सब समझ रहे हैं।उन्होंने कहा,”आपने देखा है कि हमारे देश के युवा इस बारे में क्या सोचते हैं। आपने जंतर-मंतर पर जुटे युवाओं की आवाज सुनी है। यही देश की असली आवाज है।”
आरएसएस पर भी साधा निशाना
कांग्रेस सांसद ने कहा कि भारत की आजादी की लड़ाई अहिंसा और सत्य के सिद्धांतों पर लड़ी गई थी और इसका नेतृत्व महात्मा गांधी तथा कांग्रेस ने किया था।उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्वतंत्रता आंदोलन में कोई भूमिका नहीं थी और देश के लोग अब उनके इरादों को समझ रहे हैं।प्रियंका गांधी ने कहा कि देश की आत्मा भाईचारे, प्रेम और एकता में बसती है, जिसे कोई भी खत्म नहीं कर सकता।
पूर्व हॉकी कप्तान ने भी उठाए सवाल
इससे पहले भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और ओलंपियन विरेन रास्क्विन्हा ने भी हॉकी इंडिया के नए जर्सी डिजाइन पर सवाल उठाए थे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि भारतीय हॉकी टीम की पहचान हमेशा नीली जर्सी से रही है और उन्होंने वर्षों तक गर्व के साथ नीली जर्सी पहनी है। उन्होंने सवाल किया कि टीम की पारंपरिक पहचान बदलकर नारंगी रंग अपनाने का क्या तर्क है।
