Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: रांची अशोक नगर चोरी कांड का खुलासा, जगुआर कार से रेकी कर हाई-प्रोफाइल घरों में चोरी करता था अंतरराज्यीय गिरोह

रांची: राजधानी रांची के पॉश अशोक नगर में हुई लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर रांची पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो लग्जरी जगुआर कार से विभिन्न राज्यों में रेकी कर हाई-प्रोफाइल मकानों को निशाना बनाता था।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 17,36,200 रुपये नकद, चोरी के सोने के आभूषण तथा चोरी में प्रयुक्त ब्लू रंग की जगुआर कार (UP78EM0101) बरामद की है। साथ ही गिरोह के दो फरार आरोपियों की पत्नियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

9 जुलाई को हुई थी बड़ी चोरी

पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर निवासी निशित केसरी और अखिलेश पांडेय के घरों में बड़ी चोरी की घटना हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अरगोड़ा थाना कांड संख्या-172/26 दर्ज कर विशेष जांच शुरू की गई।वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक (हटिया) के नेतृत्व में विशेष एसआईटी का गठन किया गया।

सीसीटीवी और डिजिटल जांच से मिला सुराग

एसआईटी ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने कोलकाता समेत कई स्थानों पर छापेमारी की।छापेमारी के दौरान चोरी में इस्तेमाल की गई जगुआर कार, नकदी और सोने के आभूषण बरामद किए गए।

दो आरोपियों की पत्नियां गिरफ्तार

जांच में गिरोह के तीन प्रमुख सदस्यों की पहचान इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन, अफरोज उर्फ समीर उर्फ समीम और नवीन शर्मा के रूप में हुई।पुलिस ने इरफान और अफरोज के ठिकानों पर छापेमारी कर उनकी पत्नियों गुलशन प्रवीण और शकीला उर्फ लाडली के कब्जे से चोरी के गहने और नकदी बरामद की तथा दोनों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, गिरोह के मुख्य आरोपी अभी भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

80 से अधिक मामलों में वांछित है सरगना

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह का कथित सरगना इरफान उत्तर प्रदेश, दिल्ली, गोवा, कर्नाटक, गुजरात, तेलंगाना, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, केरल, बिहार और पंजाब सहित कई राज्यों में चोरी की घटनाओं में वांछित रहा है।पुलिस के अनुसार, कानपुर, आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद, सूरत, हैदराबाद, पुणे, बेंगलुरु, सीतामढ़ी और जालंधर समेत कई शहरों में उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। विभिन्न राज्यों में उसके विरुद्ध करीब 80 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button