Delhi: फर्जी पोस्ट और अफवाहें फैलाने वाले 400 से अधिक पाकिस्तानी हैंडल्स पर कार्रवाई, छात्रों और अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील
नई दिल्ली: नीट पेपर लीक और उससे जुड़े विरोध प्रदर्शनों के बीच दिल्ली पुलिस ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उसने 400 से अधिक पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स को चिन्हित कर ब्लॉक किया है। पुलिस का कहना है कि ये हैंडल्स सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी, फर्जी पोस्ट और अफवाहें फैलाने का प्रयास कर रहे थे।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी सक्रिय होने का दावा
दिल्ली पुलिस के अनुसार, जिन सोशल मीडिया हैंडल्स पर कार्रवाई की गई है, वे कथित तौर पर ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी भारत की छवि को नकारात्मक रूप से प्रस्तुत करने के लिए भ्रामक सामग्री साझा कर रहे थे।
डीसीपी सुमित झा का बयान
दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर सुमित झा ने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।उन्होंने कहा कि अब तक 400 से अधिक पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स की पहचान की गई है, जो मौजूदा स्थिति का फायदा उठाकर फर्जी सामग्री और अफवाहें फैला रहे थे। पुलिस ने इन हैंडल्स को ब्लॉक करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
छात्रों और अभिभावकों से की अपील
डीसीपी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि वे अनवेरिफाइड पोस्ट, एडिटेड वीडियो और अनाम सोशल मीडिया अकाउंट्स से साझा की जा रही सामग्री पर भरोसा न करें।उन्होंने कहा कि किसी भी पोस्ट को साझा करने से पहले उसकी फैक्ट-चेक जरूर करें और अफवाहों को आगे न बढ़ाएं। साथ ही लोगों से भावनात्मक रूप से भड़काने वाली सामग्री से सावधान रहने की अपील भी की।
‘शांतिपूर्ण प्रदर्शन नागरिकों का अधिकार’
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है और पुलिस इस अधिकार का सम्मान करती है।पुलिस ने नागरिकों से केवल विश्वसनीय स्रोतों से जानकारी प्राप्त करने और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से सतर्क रहने की अपील की है।



