
उत्तर प्रदेश में आगामी कांवड़ यात्रा को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर विकास विभाग ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। प्रमुख सचिव नगर विकास पी. गुरुप्रसाद ने बुधवार को संबंधित नगरीय निकायों के साथ समीक्षा बैठक कर यात्रा मार्गों पर सफाई, पेयजल, शौचालय, सड़क सुरक्षा, प्लास्टिक प्रतिबंध और रियल टाइम मॉनिटरिंग समेत 14 प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए।
‘जीरो प्लास्टिक’ और ‘जीरो वेस्ट’ पर विशेष जोर
विभाग ने इस बार कांवड़ यात्रा के साथ आगामी त्योहारों को भी ‘जीरो प्लास्टिक’ और ‘जीरो वेस्ट’ आयोजन के रूप में संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया है। सभी कांवड़ मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने और श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सफाई कार्यों की होगी लगातार निगरानी
नगर निकायों द्वारा किए जा रहे सफाई कार्यों की निगरानी जिला कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से की जाएगी। इसके अलावा जिला और प्रदेश स्तर से भी लगातार मॉनिटरिंग होगी।कांवड़ मार्गों और प्रमुख शिवालयों पर पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती की जाएगी ताकि प्रतिदिन नियमित सफाई सुनिश्चित हो सके।
पुरुष और महिलाओं के लिए अलग शौचालय
यात्रा मार्गों और शिविर स्थलों पर मोबाइल एवं अस्थायी शौचालय स्थापित किए जाएंगे। पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग व्यवस्था की जाएगी।निर्देश दिए गए हैं कि इन शौचालयों की दिन में कम से कम दो बार सफाई और सैनिटाइजेशन अनिवार्य रूप से किया जाए।
स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए विशेष अभियान
स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए निकायों को कांवड़ मार्गों पर ब्लीचिंग पाउडर, चूना और मैलाथियान डस्ट का नियमित छिड़काव करने के निर्देश दिए गए हैं।इसके साथ ही नालों और नालियों की सफाई,मार्गों के किनारे उगी झाड़ियों की कटाई-छंटाई,कचरा निस्तारण की समयबद्ध व्यवस्था सुमिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सिंगल-यूज प्लास्टिक पर सख्त रोक
बैठक में कांवड़ शिविरों में सिंगल-यूज प्लास्टिक और थर्मोकोल उत्पादों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए।प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग और डिस्पोजेबल उत्पादों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।
सड़क और बिजली सुरक्षा पर भी फोकस
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभाग ने कांवड़ मार्गों को गड्ढामुक्त कराने,विद्युत खंभों से जुड़े ढीले और लटकते तारों को सुरक्षित करने और आवारा और बेसहारा पशुओं को पकड़कर कान्हा गोशालाओं में भेजने के निर्देश भी जारी किए हैं।



