Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: जेपीएससी ने 14वीं संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2025 स्थगित की, अगली सूचना तक टली परीक्षा

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग ने 14वीं झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा-2025 को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। आयोग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि विज्ञापन संख्या-01/2026 के तहत 25 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाली मुख्य परीक्षा को अपरिहार्य कारणों से फिलहाल टाल दिया गया है।

परीक्षा कैलेंडर-2026 की अन्य परीक्षाएं भी स्थगित

आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित परीक्षा कैलेंडर-2026 के तहत प्रस्तावित शेष परीक्षाओं के कार्यक्रम को भी अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। विस्तृत जानकारी जेपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी प्रेस विज्ञप्ति में उपलब्ध कराई गई है।

नई परीक्षा तिथि बाद में होगी घोषित

जेपीएससी ने स्पष्ट किया है कि मुख्य परीक्षा की नई तिथि फिलहाल घोषित नहीं की गई है। अभ्यर्थियों को संशोधित परीक्षा कार्यक्रम और नई तिथियों की जानकारी आयोग द्वारा अलग से जारी अधिसूचना के माध्यम से दी जाएगी।

पीटी परिणाम के बाद उठे थे अनियमितता के आरोप

गौरतलब है कि हाल ही में 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद विभिन्न छात्र संगठनों और राजनीतिक दलों ने परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितता, भ्रष्टाचार और गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए राज्यभर में विरोध-प्रदर्शन किए थे। कई संगठनों ने परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा की मांग की थी।

अभ्यर्थियों की नजर अगली अधिसूचना पर

मुख्य परीक्षा स्थगित किए जाने के बाद अभ्यर्थियों के बीच नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब सभी की नजर जेपीएससी की अगली आधिकारिक अधिसूचना पर है, जिसमें परीक्षा की नई तिथियों और संशोधित कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button