Bihar: राहुल गांधी पर जेडीयू मंत्री श्रवण कुमार का तंज, बोले- अब युवा नहीं रहे; कानून तोड़ने पर कार्रवाई तय

पटना में बिहार सरकार के मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “युवा विरोधी” बताए जाने संबंधी राहुल गांधी के बयान पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अब स्वयं युवा नहीं रहे, भले ही वह ऐसा दिखाने की कोशिश करें।
‘राहुल गांधी के युवा होने के दावे पर सवाल’
बिहार विधानसभा परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत में श्रवण कुमार ने कहा कि राहुल गांधी के युवा होने के दावे पर ही सवाल उठते हैं। उन्होंने कहा कि देश और बिहार का विकास तभी संभव है, जब युवाओं को इतनी क्षमता दी जाए कि वे प्रतिस्पर्धी दुनिया में अपने दम पर आगे बढ़ सकें।
राहुल गांधी ने क्या कहा था?
दरअसल, दिल्ली में जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के बाद राहुल गांधी ने कहा था कि भारत में युवाओं की संख्या सबसे अधिक है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे “युवा विरोधी” प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं को अपराधी बनाया जा रहा है।
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर क्या बोले श्रवण कुमार?
दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर श्रवण कुमार ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है। उन्होंने कहा कि छात्र, विधायक, मंत्री या कोई भी व्यक्ति यदि कानून का उल्लंघन करेगा तो उसे कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
एनडीए में अलग राय, लोजपा (रामविलास) ने जताई आपत्ति
हालांकि, एनडीए के सहयोगी दल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने इस मुद्दे पर अलग रुख अपनाया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक राजू तिवारी ने कहा कि उनकी राय में युवा प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग से बचा जाना चाहिए था। हालांकि उन्होंने प्रदर्शनकारियों की मांगों पर कोई टिप्पणी करने से इनकार किया।



