Jharkhand: जगन्नाथपुर में जंगली हाथियों का आतंक, प्राथमिक विद्यालय में घुसकर दरवाजे-खिड़कियां तोड़ीं

जगन्नाथपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर प्रखंड अंतर्गत डाकुवा जंगल स्थित प्राथमिक विद्यालय में जंगली हाथियों के झुंड ने भारी उत्पात मचाया। हाथियों ने विद्यालय भवन में घुसकर दो खिड़कियों और मुख्य दरवाजे को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा स्कूल के अंदर रखी कई आवश्यक सामग्री भी तोड़फोड़ में नष्ट हो गई।घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। स्कूल भवन को हुए नुकसान के कारण आने वाले दिनों में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

लगातार बढ़ रहा है हाथियों का आतंक

ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में जंगली हाथियों का लगातार आवागमन हो रहा है। हाथियों के झुंड फसलों, घरों और अब सरकारी संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से की कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त विद्यालय भवन की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो। साथ ही हाथियों के लगातार बढ़ते आतंक से राहत दिलाने के लिए प्रभावी और स्थायी उपाय किए जाएं।

Exit mobile version