Jharkhand: स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने श्रावणी मेला 2026 तैयारियों की समीक्षा की, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम

देवघर: श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने देवघर में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ मेले के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, आपातकालीन व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक में उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त (डीडीसी), सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो: स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रावणी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह मुस्तैद रहें और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं।
प्रसाद की गुणवत्ता पर सख्ती
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने विशेष रूप से प्रसाद की गुणवत्ता को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी दुकान पर खराब गुणवत्ता का प्रसाद मिलता है तो संबंधित विभाग इसकी जवाबदेही तय करेगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
228 चिकित्साकर्मी और 400 से अधिक पारा स्वास्थ्यकर्मी रहेंगे तैनात
श्रावणी मेले के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जिले में 228 चिकित्साकर्मी तैनात रहेंगे।400 से अधिक पारा स्वास्थ्यकर्मी सेवाएं देंगे।40 स्वास्थ्य शिविर विभिन्न स्थानों पर स्थापित किए जाएंगे।100 से अधिक एंबुलेंस आपातकालीन सेवा के लिए उपलब्ध रहेंगी।भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में त्वरित चिकित्सा सहायता के लिए टोटो एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है।
आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर रहेगा विशेष फोकस
स्वास्थ्य विभाग ने मेले के दौरान दुर्घटना, अचानक तबीयत बिगड़ने और अन्य चिकित्सा आपात स्थितियों से निपटने के लिए विशेष रणनीति तैयार की है। सभी स्वास्थ्य शिविरों को आवश्यक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों से लैस किया जाएगा।



