Jharkhand: चाकुलिया में जंगली हाथियों का आतंक, कई गांवों में घुसे, घर तोड़ा, ग्रामीणों ने रातभर किया पहरा

पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया प्रखंड स्थित कालियाम पंचायत के कई गांवों में मंगलवार रात जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों के गांव में प्रवेश करने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई और पूरी रात लोग जागकर अपनी सुरक्षा में लगे रहे।

राजाबासा जंगल से निकलकर गांवों में पहुंचे हाथी

जानकारी के अनुसार, हाथियों का झुंड राजाबासा जंगल से निकलकर कालियाम, जामबनी और भुरसानी गांव में घुस आया। हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने शोर मचाकर तथा अन्य पारंपरिक तरीकों से उन्हें गांव से बाहर निकालने का प्रयास किया।

भुरसानी में एक घर को पहुंचाया नुकसान

भुरसानी गांव में घुसे एक हाथी ने मुकुल सोरेन के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। घर टूटने के बाद आसपास के ग्रामीण एकत्र हुए और काफी मशक्कत के बाद हाथी को वापस जंगल की ओर खदेड़ने में सफल रहे।

रातभर जागते रहे ग्रामीण

कालियाम पंचायत के मुखिया दासो हेंब्रम ने बताया कि कई हाथी गांव के समीप पहुंच गए थे। हाथियों के हमले की आशंका के कारण ग्रामीण पूरी रात रतजगा करते रहे। सामूहिक प्रयास से हाथियों को गांव से दूर जंगल की ओर खदेड़ा गया।

ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से कार्रवाई की मांग

लगातार हाथियों की आवाजाही से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और गांवों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी जनहानि या संपत्ति के नुकसान से बचा जा सके।

Exit mobile version