नई दिल्ली। भारतीय रेलवे के टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म आईआरसीटीसी ने बुधवार को अपनी नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च कर दिया। फिलहाल इसे ट्रायल के तौर पर यात्रियों के लिए उपलब्ध कराया गया है, ताकि यूजर्स नए इंटरफेस और सुविधाओं का इस्तेमाल कर अपने सुझाव दे सकें।नई वेबसाइट का उद्देश्य टिकट बुकिंग प्रक्रिया को अधिक सरल, तेज और यूजर-फ्रेंडली बनाना है।
यूजर एक्सपीरियंस को बनाया गया बेहतर
नई वेबसाइट में आसान नेविगेशन, साफ-सुथरा इंटरफेस और कम समय में टिकट बुकिंग पूरी करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। वेबसाइट में किए गए कई सुधार मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के छात्रों द्वारा रेल मंत्री के साथ हुई चर्चा के दौरान दिए गए सुझावों के आधार पर किए गए हैं।
नई आईआरसीटीसी वेबसाइट में क्या-क्या बदला?
- अनावश्यक कैप्चा और पॉप-अप से मिलेगी राहत
नई वेबसाइट से अनावश्यक कैप्चा, बार-बार आने वाले पॉप-अप, फ्लैशिंग ग्राफिक्स और ध्यान भटकाने वाले कई एलिमेंट्स को हटा दिया गया है, जिससे बुकिंग अनुभव अधिक सहज होगा।
- सभी श्रेणियों की सीट उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर
अब यात्रियों को विभिन्न श्रेणियों (क्लास) में सीटों की उपलब्धता एक ही जगह दिखाई देगी। इससे अलग-अलग विकल्प देखने में समय की बचत होगी।
- तेज होगी चेकआउट प्रक्रिया
बुकिंग के दौरान जरूरी स्टेप्स की संख्या कम कर दी गई है। इससे टिकट बुक करने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज और आसान हो जाएगी।
- बार-बार जानकारी भरने की जरूरत नहीं
नई वेबसाइट में सेव किए गए पैसेंजर विवरण की सुविधा दी गई है। इससे नियमित यात्रियों को हर बार नाम, उम्र और अन्य जानकारी दोबारा भरने की आवश्यकता नहीं होगी।
यूजर फीडबैक के आधार पर होंगे और सुधार
आईआरसीटीसी ने कहा है कि बीटा वर्जन से मिलने वाले यूजर फीडबैक के आधार पर वेबसाइट में आगे भी सुधार किए जाएंगे। उद्देश्य यात्रियों को अधिक बेहतर और सुगम ऑनलाइन टिकट बुकिंग अनुभव उपलब्ध कराना है।
जल्द नए पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन से जुड़ेगी वेबसाइट
रेलवे पुराने पीआरएस को भी अपग्रेड कर रहा है। यह सिस्टम विभिन्न ट्रेन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म को सपोर्ट करता है। अपग्रेडेशन के दौरान सेवाओं को बिना बाधा जारी रखना रेलवे के लिए बड़ी चुनौती रही है।रेलवे के अनुसार, नया रिजर्वेशन इंजन जल्द शुरू किया जाएगा। इसके कुछ सप्ताह बाद आईआरसीटीसी का पूरी तरह नया पोर्टल सभी यात्रियों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा।
