झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने तीन दिवसीय कोल्हान प्रवास के दौरान मंगलवार रात चाईबासा सर्किट हाउस में शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, व्यवसायियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में शहर की प्रमुख समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।मरांडी ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मुद्दों को सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
बैठक में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़कुवर गागराई, जे.बी. तुबिद सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री भूषण पाट पिंगुवा ने किया।
इन प्रमुख समस्याओं और मांगों पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान शहर से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। इनमें प्रमुख रूप से शहर की लीज संबंधी समस्याओं का समाधान,बिजली और पेयजल संकट दूर करने की मांग,सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत,जोड़ा तालाब की सफाई एवं सौंदर्यीकरण,स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर,शिक्षा व्यवस्था में सुधार,बंद पड़ी खदानों को दोबारा शुरू करने की मांग,चाईबासा मेडिकल कॉलेज को जल्द चालू करने की मांग,तंबू चौक पर नो-एंट्री लागू कर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने का प्रस्ताव और रो-रो और कुजू नदी से वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था विकसित करने की मांग शामिल हैं।
डीएमएफटी फंड के पारदर्शी उपयोग की उठी मांग
बैठक में जिला खनिज प्रतिष्ठान फंड के उपयोग में पारदर्शिता और जवाबदेही का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने मांग की कि डीएमएफटी की राशि का प्राथमिकता के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, रोजगार और खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास पर खर्च किया जाए।इसके अलावा शहर में बढ़ते अवैध अतिक्रमण, नशाखोरी और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग भी की गई।
जनहित के मुद्दों को सरकार के समक्ष उठाएगी भाजपा: बाबूलाल मरांडी
बैठक को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि चाईबासा की जनता द्वारा उठाए गए सभी मुद्दे जनहित से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इन समस्याओं को सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से उठाएगी तथा चाईबासा के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
