Maharashtra: नागपुर में बाघ के डर से बांध में कूदे पिता-पुत्र, डूबने से दोनों की मौत

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। डेवलापार क्षेत्र में बाघ को अपनी ओर आते देख एक पिता अपने सात वर्षीय बेटे के साथ जान बचाने के लिए बांध में कूद गए। दुर्भाग्यवश दोनों पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

खेती के काम और मछली पकड़ने गए थे

जानकारी के अनुसार, नागपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर लखन बांध के पास जीवन धर्मराज कोकोड़े अपने सात वर्षीय बेटे जतिन कोकोड़े और रिश्तेदार संजय उइके के साथ खेती का काम करने और मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान उन्होंने करीब 200 से 250 मीटर की दूरी पर एक बाघ को देखा।

चेतावनी के बाद मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शी संजय उइके ने बताया कि उन्होंने बाघ को अपनी ओर आते देखा और जीवन को आवाज देकर सतर्क करने की कोशिश की। कुछ ही देर में बाघ करीब पहुंच गया, जिससे तीनों घबरा गए और जान बचाने के लिए अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे।

कीचड़ में फंसने से नहीं बच सकी जान

बाघ के डर से जीवन कोकोड़े अपने बेटे जतिन को लेकर बांध में कूद गए। बताया जा रहा है कि दोनों के पैर बांध के कीचड़ में फंस गए, जिससे वे बाहर नहीं निकल सके और पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। वहीं संजय उइके किसी तरह वहां से निकलकर गांव पहुंचे और ग्रामीणों को घटना की सूचना दी।

पुलिस और वन विभाग ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पंचनामा कर शवों को कब्जे में लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही क्षेत्र में बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

Exit mobile version