बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ अंदाज में बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। पानापुर करियात थाना क्षेत्र के शेरूकाही चौक पर हथियारबंद बदमाशों ने हार्डवेयर व्यवसायी और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने वाले मुन्ना ठाकुर को उनकी दुकान में घुसकर गोली मार दी। घटना के समय उनके पिता महेश ठाकुर भी दुकान में मौजूद थे।गोली लगने के बाद मुन्ना ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
घायल व्यवसायी का निजी अस्पताल में इलाज
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल मुन्ना ठाकुर को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका इलाज जारी है।इलाज कर रहे डॉक्टर अमितांशु प्रांजल ने बताया कि गोली मुन्ना ठाकुर के हाथ में लगी है। फिलहाल उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच, जमीन विवाद की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही पानापुर करियात थाना पुलिस और डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।डीएसपी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पीछा करने पर अपराधियों ने की हवाई फायरिंग
स्थानीय लोगों के अनुसार, वारदात के बाद जब लोगों ने अपराधियों का पीछा करने की कोशिश की तो बदमाश पास के लीची बागान की ओर भाग गए। इस दौरान उन्होंने लोगों में दहशत फैलाने के लिए कई राउंड हवाई फायरिंग भी की और मौके से फरार होने में सफल रहे।पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस जुटी आरोपियों की गिरफ्तारी में
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
