Jharkhand: बीजेपी ने राज्यपाल से की हिमांशु सिंह हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

रांची: जमशेदपुर के बहुचर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से कराने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपते हुए मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की।

दोषियों पर कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय की मांग

ज्ञापन में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि हिमांशु सिंह हत्याकांड की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग भी की गई।भाजपा नेताओं का कहना है कि इस संवेदनशील मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जैसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराना आवश्यक है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिले।

ये नेता रहे मौजूद

राज्यपाल से मुलाकात के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के अलावा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा, दिवंगत हिमांशु सिंह के पिता अरविन्द सिंह तथा शंभुनाथ सिंह भी उपस्थित रहे।

Exit mobile version