Jharkhand: धनबाद पुलिस का बड़ा एक्शन, दागी अपराधियों की परेड कर कानून का दिखाया डर

धनबाद: अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा करने और जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से धनबाद पुलिस ने गुरुवार को एक अनोखा अभियान चलाया। पुलिस लाइन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के चिन्हित दागी अपराधियों की सामूहिक परेड कराई गई। इस दौरान सभी अपराधियों की हाजिरी ली गई, पहचान का सत्यापन किया गया और उन्हें भविष्य में अपराध से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने दी अंतिम चेतावनी

परेड के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अपराधियों से स्पष्ट शब्दों में कहा, “यह सुधारने का अवसर है, अपराध नहीं छोड़ा तो अगली मुलाकात जेल में होगी।” अधिकारियों ने कहा कि अब जिले में अपराधियों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचेगा और हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।

अपराधियों की गतिविधियों की हुई समीक्षा

सुबह से ही विभिन्न थाना क्षेत्रों से चिन्हित अपराधियों को पुलिस लाइन बुलाया गया। यहां उनकी उपस्थिति दर्ज करने के साथ-साथ वर्तमान रहन-सहन, व्यवसाय, आवागमन और गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। गंभीर आपराधिक इतिहास वाले अपराधियों को विशेष निगरानी सूची में शामिल कर संबंधित थाना प्रभारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

रंगदारी, हत्या और अवैध कारोबार पर रहेगा सख्त एक्शन

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि रंगदारी, हत्या, लूट, मारपीट, अवैध वसूली, भूमि कब्जा, अवैध कारोबार, हथियारों का प्रदर्शन या किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर बिना किसी नरमी के कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चेतावनी के बाद भी अपराध की राह पर लौटने वालों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

सुधरने का मौका, लेकिन दोबारा अपराध पर नहीं मिलेगी राहत

पुलिस ने दागी अपराधियों को समाज की मुख्यधारा में लौटने की सलाह देते हुए कहा कि यह सुधार का अवसर है। यदि कोई चेतावनी के बावजूद अपराध करता है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ लगातार निगरानी और सत्यापन की प्रक्रिया भी जारी रहेगी।

अभियान का उद्देश्य अपराध पर रोक और कानून-व्यवस्था मजबूत करना

धनबाद पुलिस के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य केवल हाजिरी लेना नहीं, बल्कि अपराधियों के मन में कानून का स्थायी भय पैदा करना, संभावित अपराधों को पहले ही रोकना और जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाना है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे।

Exit mobile version