Uttar Pradesh: स्लीपर बस और कार की भीषण टक्कर में 5 की मौत, 12 घायल

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हरियाणा से बिहार जा रही एक निजी स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा में पहुंच गई और सामने से आ रही आर्टिगा कार से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि बस में सवार 12 यात्री घायल हो गए।

प्रारंभिक जांच में बस चालक को झपकी आने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे किलोमीटर संख्या 230 पर गांव देवखरी के पास यह दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि बस चालक को झपकी आने के कारण बस नियंत्रण से बाहर हो गई। बस डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची और सामने से आ रही आर्टिगा कार को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे खाई में पलट गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कार सवार एक ही परिवार के 5 लोगों की गई जान

हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य के दौरान घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने कार में सवार दिव्या (6), अंजू (40), अमृता (13), धुनमुन (60) और चालक विनोद (45) को मृत घोषित कर दिया। सभी मृतक संत कबीरनगर जिले के एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।

बस के 12 घायल यात्रियों को जिला अस्पताल किया गया रेफर

हादसे में घायल बस यात्रियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उन्नाव जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों की निगरानी में सभी का इलाज जारी है।

डीएम और एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी धनश्याम मीना, पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, उपजिलाधिकारी बांगरमऊ बृजमोहन शुक्ला सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की बात सामने आई है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगा।

Exit mobile version