Jharkhand: सरायकेला स्तिथ भगवती ज्वेलर्स में सोने की बाली चोरी की कोशिश नाकाम, सीसीटीवी की मदद से दो आरोपी गिरफ्तार

सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र स्थित भगवती ज्वेलर्स में मंगलवार दोपहर खरीदारी के बहाने पहुंचे दो युवकों की चोरी की कोशिश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दोनों आरोपी कान की सोने की बाली देखने के बहाने दुकान में आए थे।

मौका मिलते ही जेब में रख ली सोने की बाली

दुकान में आभूषण देखने के दौरान एक युवक ने मौका पाकर एक जोड़ी सोने की बाली चुपके से अपनी जेब में रख ली। आरोपी को लगा कि उसकी हरकत किसी की नजर में नहीं आई, लेकिन दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई।

दुकानदार की सतर्कता से खुला चोरी का राज

सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद दुकानदार ने दोनों युवकों को दुकान से बाहर जाने से पहले ही रोक लिया। तलाशी लेने पर एक आरोपी की जेब से चोरी की गई सोने की बाली बरामद हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को पकड़कर सरायकेला पुलिस के हवाले कर दिया।

पश्चिम बंगाल के खड़गपुर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के खड़गपुर निवासी शेख सहयाद्रील और बाबू अली के रूप में की है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों किसी संगठित चोरी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं तथा इससे पहले जिले या आसपास के क्षेत्रों में हुई ऐसी घटनाओं में उनकी कोई भूमिका रही है या नहीं।

सीसीटीवी और त्वरित कार्रवाई से टली बड़ी वारदात

दुकानदार की सतर्कता, सीसीटीवी कैमरे की निगरानी और सरायकेला पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते चोरी की वारदात नाकाम हो गई। स्थानीय लोगों ने समय पर कार्रवाई के लिए पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि यदि तुरंत कदम नहीं उठाया जाता तो आरोपी फरार हो सकते थे।

Exit mobile version