Uttar Pradesh: कासगंज में हाईवे पर गिरा ट्रेनी विमान, महिला पायलट घायल

उत्तर प्रदेश के कासगंज में सोमवार शाम एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त होकर हाईवे पर गिर गया। हादसा शाम करीब चार बजे पुलिस लाइन के पीछे निर्माणाधीन हाईवे पर हुआ। विमान प्रशिक्षण उड़ान पर था और उसे महिला प्रशिक्षु पायलट कायनात उड़ा रही थीं। दुर्घटना में वह घायल हो गईं, जबकि किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय लोगों और पुलिस ने चलाया राहत अभियान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान का संतुलन अचानक बिगड़ गया। डगमगाते हुए नीचे आ रहे विमान के बिजली के तारों में उलझने के बाद वह हाईवे पर गिर गया। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल पायलट को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

अलीगढ़ के एविएशन संस्थान का था प्रशिक्षण विमान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान अलीगढ़ स्थित चेतक एविएशन का प्रशिक्षण विमान था। हादसे के समय विमान में केवल प्रशिक्षु पायलट मौजूद थीं।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक तौर पर विमान का संतुलन बिगड़ने और बिजली के तारों में उलझने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

स्थानीय लोगों में मची अफरा-तफरी

हाईवे पर अचानक विमान गिरता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विमान तेजी से नीचे आता दिखाई दे रहा था और कुछ ही क्षण बाद बिजली के तारों में उलझकर सड़क पर गिर गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बड़ी राहत की बात रही कि विमान की चपेट में कोई राहगीर या वाहन नहीं आया।

Exit mobile version