Jharkhand INFACTNews

Jharkhand:जमशेदपुर में चेन स्नैचरों का आतंक जारी, सिदगोड़ा में मॉर्निंग वॉक कर रही महिला से सोने की चेन झपटी

जमशेदपुर: शहर में चेन स्नैचिंग (चेन छीनतई) की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही वारदातों से आम लोगों, खासकर मॉर्निंग वॉक करने वाली महिलाओं और बुजुर्गों में भय का माहौल है। ताजा मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां रविवार सुबह बाइक सवार अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।

मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह सूर्य मंदिर के पास मॉर्निंग वॉक कर रहीं रीना मिश्रा को बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।पीड़िता और स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, लेकिन उसमें अपराधियों की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

हाल ही में गिरफ्तार हुआ था गिरोह का सदस्य

गौरतलब है कि हाल ही में जमशेदपुर पुलिस ने चेन स्नैचिंग गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और बरामदगी के दौरान एक आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली मार दी थी। घायल आरोपी का इलाज फिलहाल एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।

लगातार वारदातों से बढ़ी चिंता

शहर में लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मॉर्निंग वॉक करने वाले नागरिकों और महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। वहीं, लगातार हो रही घटनाओं के बीच अब लोगों की नजरें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि सक्रिय गिरोह पर कब प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button