Bihar: हथकड़ी पहनकर परीक्षा देने पहुंचा नीट अभ्यर्थी, कोर्ट की अनुमति पर पुलिस अभिरक्षा में दिलाई गई परीक्षा

सीतामढ़ी: बिहार के विभिन्न जिलों में रविवार को मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट की पुनः परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित हुई। इस बीच सीतामढ़ी के एक परीक्षा केंद्र पर उस समय हलचल मच गई, जब एक नीट अभ्यर्थी को हथकड़ी पहनाकर पुलिस अभिरक्षा में परीक्षा दिलाने लाया गया। कोर्ट की विशेष अनुमति मिलने के बाद अभ्यर्थी को परीक्षा में शामिल कराया गया।

कमला गर्ल्स स्कूल परीक्षा केंद्र पर जुटी लोगों की भीड़

घटना सीतामढ़ी के डुमरा स्थित कमला गर्ल्स स्कूल परीक्षा केंद्र की है। यहां छात्रों, अभिभावकों और परीक्षा कर्मियों के बीच उस समय उत्सुकता बढ़ गई, जब पुलिस सुरक्षा के बीच एक युवक को हथकड़ी लगाकर परीक्षा केंद्र लाया गया।अभ्यर्थी की पहचान कन्हौली थाना क्षेत्र के बगहा निवासी अफजद अंसारी के रूप में हुई है। वह मारपीट के एक मामले में पिछले 15 दिनों से मंडल कारा में न्यायिक हिरासत में बंद है।

कोर्ट की अनुमति के बाद दिलाई गई परीक्षा

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अफजद अंसारी ने गिरफ्तारी से पहले ही नीट परीक्षा का आवेदन भर रखा था। परिजनों की ओर से न्यायालय में आवेदन दिए जाने के बाद कोर्ट ने उसे परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी।इसके बाद पुलिस अभिरक्षा में उसे परीक्षा केंद्र लाया गया और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा कक्ष तक पहुंचाया गया।

परीक्षा समाप्त होते ही फिर भेजा गया जेल

परीक्षा समाप्त होने के बाद अफजद अंसारी को दोबारा पुलिस सुरक्षा में जेल ले जाया गया। इस दौरान परीक्षा केंद्र के बाहर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। कई लोगों ने उसका फोटो और वीडियो भी बनाया। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए उसे सीधे जेल वाहन में बैठाकर मंडल कारा भेज दिया।

एसडीपीओ ने दी जानकारी

सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह ने बताया कि अफजद अंसारी ने पहले से ही नीट परीक्षा का फॉर्म भरा था। लेकिन लगभग 15 दिन पहले मारपीट के एक आपराधिक मामले में उसकी गिरफ्तारी हुई थी और न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।उन्होंने बताया कि परिजनों की अपील पर न्यायालय से परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मिली, जिसके बाद पुलिस अभिरक्षा में उसे परीक्षा केंद्र लाकर परीक्षा दिलाई गई।

पूरे दिन चर्चा का विषय बनी घटना

हथकड़ी पहनकर परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी का मामला पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा। परीक्षा केंद्र पर मौजूद अभ्यर्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर काफी उत्सुकता देखने को मिली।

Exit mobile version