Jharkhand: मधुबन के बीस पंथी कोठी से कोलकाता पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार, फूलबागान थाने के मामले में थी तलाश

मधुबन: मधुबन थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध जैन तीर्थस्थल बीस पंथी कोठी से कोलकाता पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। गिरफ्तार युवक की पहचान वेदांत जैन (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के कोलकाता के साल्ट लेक इलाके का निवासी बताया गया है।

फूलबागान थाने में दर्ज है मामला

जानकारी के अनुसार, वेदांत जैन के विरुद्ध कोलकाता के फूलबागान पुलिस स्टेशन में कांड संख्या 99/26, दिनांक 9 जून 2026 को मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और वेदांत जैन को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।

गुप्त सूचना के आधार पर पहुंची पुलिस टीम

सूत्रों के मुताबिक, कोलकाता पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी वेदांत जैन मधुबन स्थित बीस पंथी कोठी में मौजूद है। सूचना मिलते ही कोलकाता पुलिस की एक टीम मधुबन पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

कानूनी प्रक्रिया पूरी कर कोलकाता ले जाया गया

गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद कोलकाता पुलिस आरोपी को ट्रांजिट प्रक्रिया के तहत अपने साथ लेकर रवाना हो गई। मामले की आगे की जांच अब कोलकाता पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस ने नहीं दी मामले की विस्तृत जानकारी

फिलहाल पुलिस की ओर से मामले के आरोपों या गिरफ्तारी के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना है।

Exit mobile version