BreakingMP INFACTNews

Madhya Pradesh: 2 बच्चों को छोड़ 5 साल छोटे इंस्टाग्राम प्रेमी संग भागी पत्नी, ₹100 के स्टांप पर किया ‘लिव-इन एग्रीमेंट’

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से सोशल मीडिया के दौर का एक बेहद हैरान और विचलित कर देने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहाँ स्मार्टफोन पर रील्स बनाने के चस्के ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। एक महिला अपने दो मासूम बच्चों और पति को रोता-बिलखता छोड़कर इंस्टाग्राम पर बने अपने से 5 साल छोटे प्रेमी संग फरार हो गई। इतना ही नहीं, दोनों ने समाज और कानून को ठेंगा दिखाते हुए कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए 100 रुपये के स्टांप पेपर पर एक अजीबोगरीब ‘लिव-इन रिलेशनशिप एग्रीमेंट’ भी तैयार करवा लिया है।

रील्स बनाते-बनाते 5 साल छोटे लड़के को दे बैठी दिल

यह पूरी दुखद दास्तां छतरपुर जिले के छापर गांव के रहने वाले पीड़ित मुकुंदी अहिरवार की है, जो मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का पेट पालता है। मुकुंदी ने बताया कि कुछ समय पहले ही उसने अपनी पत्नी पिंकी अहिरवार की ख्वाहिश पूरी करने के लिए उसे एक स्मार्टफोन दिलाया था। फोन मिलने के बाद पिंकी इंस्टाग्राम पर सक्रिय हो गई और वीडियो व रील्स बनाने लगी।इसी दौरान इंस्टाग्राम के जरिए उसकी मुलाकात सत्यदेव चर्मकार नाम के युवक से हुई। रील और कमेंट्स से शुरू हुआ बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे गहरे प्यार में बदल गया। सत्यदेव उम्र में पिंकी से करीब 5 साल छोटा है। प्यार का भूत इस कदर हावी हुआ कि पिंकी अचानक अपने पति, अपनी 9 वर्षीय मासूम बेटी और 4 वर्षीय बेटे को छोड़कर सत्यदेव के साथ भाग निकली।

₹100 के स्टांप पेपर पर ‘सामाजिक सहवास’ की चौंकाने वाली शर्तें

प्रेमी संग फरार होने के बाद महिला और उसके आशिक ने पुलिस और अदालती कार्रवाई से बचने के लिए एक शातिर पैंतरा आजमाया। दोनों ने ₹100 के स्टांप पेपर पर एक ‘लिव-इन रिलेशनशिप एग्रीमेंट’ नोटरी कराया है, जिसकी शर्तें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं और लोगों को चौंका रही हैं। दोनों अपनी मर्जी और पूर्ण सहमति से एक-दूसरे के साथ ‘सामाजिक सहवास’ (लिव-इन) में रह रहे हैं।भविष्य में दोनों में से कोई भी एक-दूसरे पर जबरन शादी करने या वैधानिक पत्नी/पति का दावा ठोकने का किसी भी प्रकार का दबाव नहीं बनाएगा।दोनों जब तक चाहें आपसी सहमति से संबंध में रह सकते हैं और अलग होने के लिए भी स्वतंत्र हैं।

बच्चों को गोद में लेकर एसपी ऑफिस पहुंचा बेबस मजदूर पति

इस पूरी घटना के बाद बेबस और लाचार पति मुकुंदी अहिरवार पूरी तरह टूट चुका है। वह अपनी 9 साल की बेटी और 4 साल के बेटे को गोद में लेकर छतरपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। अपनी आपबीती सुनाते हुए मुकुंदी के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। उसने एसपी ऑफिस में शिकायती आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई और अपनी पत्नी को ढूंढने की मांग की।

‘वो सब भूलकर लौट आए, मैं उसकी हर गलती माफ कर दूंगा’

मजदूरी करने वाले मुकुंदी के दिल में अपनी बेवफा पत्नी के लिए तड़प और बच्चों के भविष्य की चिंता साफ दिखाई दी। उसने रोते हुए मीडिया और पुलिस के सामने बेहद भावुक अपील की। “पिंकी जिस लड़के के साथ गई है, वह उम्र में उससे बहुत छोटा है। उसका भविष्य वहां सुरक्षित नहीं है। अगर वह अपने इन मासूम बच्चों की खातिर सब कुछ भूलकर एक बार भी वापस लौट आती है, तो मैं लोक-लाज की परवाह किए बिना उसकी हर गलती माफ कर दूंगा। मैं बीती बातें भुलाकर उसे दोबारा अपना लूंगा।”

पुलिस के लिए भी कौतूहल बना ‘लिव-इन एग्रीमेंट’, जांच शुरू

इस अनोखे ‘लिव-इन एग्रीमेंट’ और पत्नी के लापता होने की शिकायत मिलने के बाद छतरपुर पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी सेल की मदद से महिला और उसके प्रेमी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि महिला के मिलते ही दोनों पक्षों को बुलाकर काउंसलिंग कराई जाएगी, ताकि दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया न उठे और इस बिखरते परिवार को समय रहते बचाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button