Jharkhand: जमशेदपुर में 340 परिवारों का घर का सपना हुआ साकार, पीएम आवास योजना के तहत मिली फ्लैट की चाबी

जमशेदपुर: अपना घर होना हर व्यक्ति का सपना होता है और जमशेदपुर में शुक्रवार को 340 परिवारों का यह सपना साकार हो गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों की चाबियां पहले चरण में लाभुकों को सौंप दी गईं। गृह प्रवेश के साथ ही नए आशियाने में कदम रखते हुए लाभुकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

बिरसानगर मोहरदा में आयोजित हुआ गृह प्रवेश कार्यक्रम

जमशेदपुर के बिरसानगर मोहरदा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित फ्लैटों का विधिवत गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। पहले चरण में 340 लाभुकों को उनके फ्लैट की चाबी सौंपी गई।कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदीव्य कुमार ने ऑनलाइन माध्यम से किया। वहीं, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने लाभुकों के साथ पूजा-अर्चना कर गृह प्रवेश की रस्म पूरी कराई।

कुल 644 फ्लैट तैयार, पहले चरण में 340 परिवारों को मिला आवास

परियोजना के तहत कुल 644 फ्लैट बनकर तैयार किए गए हैं। जिन 340 लाभुकों ने बैंक की निर्धारित किश्त जमा कर दी थी, उन्हें पहले चरण में फ्लैट की चाबियां सौंप दी गईं। शेष लाभुकों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवास आवंटित किए जाएंगे।

रघुवर दास सरकार में रखी गई थी आधारशिला

इस महत्वाकांक्षी आवास परियोजना की आधारशिला तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में रखी गई थी। निर्माण कार्य पूरा होने में समय जरूर लगा, लेकिन अब इसका लाभ जरूरतमंद परिवारों को मिलने लगा है।

वर्षों का सपना हुआ पूरा

नए घर की चाबी मिलने के बाद लाभुकों की खुशी देखते ही बन रही थी। कई परिवारों ने बताया कि वर्षों तक किराए के मकानों में रहने के बाद अब उन्हें अपना स्थायी घर मिला है।
लाभुकों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत किफायती दर पर आवास उपलब्ध कराने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज उनका वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ है और अब वे अपने परिवार के साथ अपने घर में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सकेंगे।

प्रधानमंत्री आवास योजना से बदल रही लोगों की जिंदगी

प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के लोगों को किफायती आवास उपलब्ध कराना है। जमशेदपुर के बिरसानगर मोहरदा में बने इन फ्लैटों के आवंटन से सैकड़ों परिवारों को स्थायी आवास की सुविधा मिली है, जिससे उनके जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आएगा।

Exit mobile version