अयोध्या: राम मंदिर के भव्य निर्माण के बाद अब अयोध्या एक और बड़ी सौगात के लिए तैयार है। शहर में दुनिया का पहला रामायण-थीम आधारित वैक्स म्यूजियम बनकर तैयार हो गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 जून को अपने अयोध्या दौरे के दौरान इस अत्याधुनिक म्यूजियम का लोकार्पण करेंगे। उद्घाटन के बाद इसे आम श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।
त्रेता युग का होगा जीवंत अनुभव
करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह रामायण वैक्स म्यूजियम आगंतुकों को त्रेता युग की झलक देने का दावा करता है। यहां आस्था, कला और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा, जिससे पर्यटक रामायण काल के प्रमुख प्रसंगों और पात्रों को बेहद करीब से महसूस कर सकेंगे।
रामायण के 25 से अधिक पात्रों की मोम प्रतिमाएं
म्यूजियम में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमान जी, ऋषि वशिष्ठ, रावण, मेघनाथ, जटायु सहित रामायण के 25 से अधिक प्रमुख पात्रों की जीवंत मोम प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इन प्रतिमाओं को इस तरह तैयार किया गया है कि दर्शकों को रामायण के विभिन्न प्रसंगों का वास्तविक अनुभव हो सके।
नए जोनल कार्यालय का भी होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के दौरान अयोध्या धाम के नए जोनल कार्यालय का भी उद्घाटन करेंगे। मोहबरा बाजार क्षेत्र में करीब 10.19 करोड़ रुपये की लागत से बने इस कार्यालय के शुरू होने के बाद नगर निगम की विभिन्न सेवाएं नागरिकों को एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
तैयारियां अंतिम चरण में
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को हेलीपैड क्षेत्र की सफाई, खुले विद्युत केबलों को भूमिगत करने, पेयजल, स्वच्छता, फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव और धूल नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उद्घाटन के बाद होगी टिकट और समय की घोषणा
नगर निगम के अनुसार, वैक्स म्यूजियम के उद्घाटन के बाद इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। टिकट शुल्क और म्यूजियम के खुलने का समय भी लोकार्पण समारोह के बाद आधिकारिक रूप से घोषित किया जाएगा।
