Jharkhand: सड़क किनारे खड़ी खराब कार में खेलते-खेलते बंद हो गई बच्ची, अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम

चाईबासा : सदर थाना क्षेत्र के टुंगरी में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 5 वर्षीय मासूम इशानी गोप की बंद कार के अंदर दम घुटने से मौत हो गई। एलकेजी की छात्रा इशानी स्कूल से लौटने के बाद सहेलियों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान वह सड़क किनारे खड़ी एक खराब कार में चली गई और किसी कारणवश अंदर ही बंद हो गई।
खेल-खेल में बनी जानलेवा घटना
जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी के बीच कार के अंदर फंस जाने से बच्ची का दम घुट गया। काफी देर तक वह बाहर नहीं निकल सकी। परिवार के लोग दोपहर से उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
शाम को कार में मिली अचेत
शाम करीब 5 बजे परिजनों की नजर सड़क किनारे खड़ी उसी खराब कार पर पड़ी। कार का दरवाजा खोलने पर इशानी अंदर अचेत अवस्था में मिली। परिजन उसे तुरंत सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच की मांग, पुलिस कर रही पड़ताल
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए सवाल उठाया है कि लंबे समय से खड़ी खराब कार का दरवाजा कैसे खुला और बच्ची उसमें बंद कैसे हो गई।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



