मनोरंजन डेस्क: बॉलीवुड की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में शामिल ‘गदर’ के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सनी देओल और अमीषा पटेल स्टारर ‘गदर’ और ‘गदर 2’ की शानदार सफलता के बाद अब दर्शकों को ‘गदर 3’ का बेसब्री से इंतजार है। इस बीच फिल्म के निर्देशक अनिल शर्मा ने तीसरे पार्ट को लेकर बड़ा अपडेट दिया है।हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अनिल शर्मा ने संकेत दिया कि ‘गदर 3’ पर काम चल रहा है और यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो फिल्म की शूटिंग अगले साल शुरू हो सकती है।
‘गदर’ एक बम थी, ‘गदर 2’ एटम बम और अब चाहिए न्यूक्लियर बम जैसी कहानी
हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में अनिल शर्मा ने कहा कि वह ‘गदर 3’ को तभी बनाएंगे जब उन्हें उससे भी बड़ी और दमदार कहानी मिले।उन्होंने कहा,“मेरे लिए ‘गदर’ की कहानी एक बम थी। ‘गदर 2’ मैंने तभी बनाई जब मुझे उससे भी बड़ी यानी एटम बम जैसी कहानी मिली। अब अगर मुझे न्यूक्लियर बम जैसी कहानी मिलेगी, तभी मैं ‘गदर 3’ बनाऊंगा।”निर्देशक ने स्पष्ट किया कि फिलहाल फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम जारी है।
अगले साल शुरू हो सकती है शूटिंग
‘गदर 3’ की शूटिंग को लेकर पूछे गए सवाल पर अनिल शर्मा ने कहा,“हम स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं और भगवान ने चाहा तो सब ठीक रहा तो अगले साल ‘गदर 3’ की शुरुआत करेंगे।”इस बयान के बाद फैंस के बीच उत्साह और बढ़ गया है।
फिर दिखेगी तारा सिंह और सकीना की जोड़ी
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘गदर 3’ में भी सनी देओल एक बार फिर तारा सिंह के किरदार में नजर आएंगे, जबकि अमीषा पटेल अपनी लोकप्रिय भूमिका सकीना के रूप में वापसी करेंगी।हालांकि फिल्म की कहानी और अन्य कलाकारों को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
25 साल बाद भी बरकरार है ‘गदर’ का क्रेज
साल 2001 में रिलीज हुई ‘गदर: एक प्रेम कथा’ ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया था। आमिर खान की ‘लगान’ के साथ क्लैश होने के बावजूद फिल्म ने जबरदस्त कमाई की और भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल हो गई।इसके बाद 2023 में रिलीज हुई ‘गदर 2’ ने भी रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन किया और सनी देओल के करियर को नई ऊंचाई दी।
फैंस को अब आधिकारिक घोषणा का इंतजार
अनिल शर्मा के ताजा बयान के बाद यह लगभग साफ हो गया है कि ‘गदर 3’ की तैयारी शुरू हो चुकी है। हालांकि फिल्म की आधिकारिक घोषणा, रिलीज डेट और स्टारकास्ट को लेकर अभी इंतजार करना होगा।अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो जल्द ही दर्शकों को तारा सिंह की एक और देशभक्ति से भरपूर कहानी बड़े पर्दे पर देखने को मिल सकती है।
