Jharkhand: रांची रेलवे स्टेशन पर टिकट दलाली का खुलासा, आरपीएफ -सीआइबी ने युवक को पकड़ा

रांची: रेलवे टिकटों की अवैध दलाली के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल और क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए रांची रेलवे स्टेशन के बुकिंग काउंटर से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार वर्मा (25) के रूप में हुई है। उसके पास से चार लाइव पीआरएस रेलवे टिकट, मोबाइल फोन और आरक्षण मांग-पत्र बरामद किए गए हैं।

बुकिंग काउंटर पर छापेमारी कर युवक को पकड़ा

आरपीएफ पोस्ट रांची और सीआइबी रांची के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 13 सितंबर 2026 को रेलवे टिकटों की कथित अवैध दलाली की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने रांची रेलवे स्टेशन स्थित रेलवे बुकिंग काउंटर पर छापेमारी-सह-तलाशी अभियान चलाया।कार्रवाई के दौरान प्रवीण कुमार वर्मा को PRS काउंटर संख्या-5 से तत्काल रेलवे टिकट खरीदने के बाद हिरासत में लिया गया।

29,275 रुपये के चार लाइव रेलवे टिकट बरामद

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चार लाइव पीआरएसरेलवे टिकट बरामद किए गए। इन टिकटों का कुल मूल्य 29,275 रुपये बताया गया है।इसके अलावा टीम ने उसके पास से एक मोबाइल फोन, तीन भरे हुए और चार खाली रेलवे टिकट आरक्षण मांग-पत्र भी बरामद किए।

अतिरिक्त शुल्क लेकर टिकट उपलब्ध कराने का आरोप

आरपीएफ के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह ग्राहकों के लिए रेलवे टिकटों की व्यवस्था करता था और इसके बदले उनसे अतिरिक्त शुल्क लेता था।आरपीएफ का आरोप है कि आरोपी टिकटों की व्यवस्था कर व्यक्तिगत आर्थिक लाभ कमाने का काम कर रहा था। हालांकि, पूरे मामले में आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।

टिकट और मोबाइल समेत सामान जब्त

कार्रवाई के बाद आरपीएफ और सीआइबी की टीम ने बरामद सभी रेलवे टिकटों, मोबाइल फोन और अन्य सामग्रियों को नियमानुसार जब्त कर लिया।मामले में आरपीएफ पोस्ट रांची में केस नंबर. 2918/2026, दिनांक 13 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

टिकट दलाली के खिलाफ निगरानी जारी

आरपीएफऔर सीआइबी की ओर से रेलवे टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री और दलाली पर रोक लगाने के लिए बुकिंग काउंटरों तथा टिकट आरक्षण से जुड़े स्थानों पर निगरानी की जा रही है।अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों को निर्धारित मूल्य पर टिकट उपलब्ध कराने और टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Exit mobile version