
हरदोई । हरदोई जिले के शाहाबाद क्षेत्र के ग्राम परियल में बाढ़ राहत कार्यों के निरीक्षण के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीणों ने शाहाबाद के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सुशील मिश्र पर कथित रूप से पथराव कर दिया। घटना में एसडीएम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शाहाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बाढ़ राहत कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे थे एसडीएम
जानकारी के अनुसार, एसडीएम सुशील मिश्र ग्राम परियल में बाढ़ राहत और विकास कार्यों का जायजा लेने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान वह नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन और आरआरसी सेंटर पहुंचे, जहां गेट नहीं लगा होने पर उन्होंने संबंधित खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) से फोन पर जानकारी मांगी।इसी दौरान जिला पंचायत सदस्य सड़े लालाराम राजपूत वर्मा के पुत्र उदयवीर से अन्नपूर्णा भवन को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
गाड़ी घेरने के बाद हुआ पथराव
बताया जा रहा है कि स्थिति बिगड़ती देख एसडीएम वहां से निकलने लगे, लेकिन करीब 100 से अधिक ग्रामीणों ने उनकी सरकारी गाड़ी को घेर लिया। ग्रामीणों को समझाने के लिए जब एसडीएम वाहन से उतरे, तभी उन पर पथराव शुरू हो गया।पथराव के दौरान एक पत्थर सीधे उनके सिर पर लगा, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस बल ने उन्हें तत्काल सुरक्षित निकालकर सीएचसी शाहाबाद पहुंचाया।
मेडिकल कॉलेज में भर्ती, सिर पर लगे 5 टांके
प्राथमिक उपचार के बाद एसडीएम को हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनका सिटी स्कैन समेत अन्य चिकित्सीय जांच कराई गई। चिकित्सकों ने उनके सिर पर पांच टांके लगाए हैं।घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी (डीएम) अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक कुमार मीणा मेडिकल कॉलेज पहुंचे और एसडीएम के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई: डीएम
जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि सरकारी अधिकारी पर हमला बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।डीएम ने कहा, “जो भी व्यक्ति इस घटना में शामिल पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”
गांव में पुलिस बल तैनात, कई लोग घर छोड़कर फरार
घटना के बाद ग्राम परियल में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित पक्ष के कई पुरुष सदस्य गांव छोड़कर फरार हो गए हैं। गांव में अधिकांश घरों में केवल महिलाएं मौजूद हैं।पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।



